दिवाली के मौके पर अगर आप निवेश की प्लानिंग कर रहे हैं, तो पोस्ट ऑफिस की स्कीम्स के विकल्प को चुन सकते हैं। पोस्ट ऑफिस देश के करोड़ों लोगों के लिए कई तरह की शानदार स्कीम्स चलाती है। इन स्कीम्स में आप निवेश की शुरुआत छोटी रकम से कर सकते हैं और अपने फ्यूचर के लिए एक बड़ा फंड जमा कर सकते हैं। आमतौर पर पोस्ट ऑफिस की स्कीम्स में निवेश करना सुरक्षित माना जाता है और बेहतरीन रिर्टन भी मिलता हैं। आइए जानते हैं पोस्ट ऑफिस की तीन जोरदार स्कीम्स के बारे में...
रेकरिंग डिपॉजिट स्कीम
अगर आप पांच साल के लिए निवेश की प्लानिंग कर रहे हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रेकरिंग डिपॉजिट स्कीम में पैसा लगा सकते हैं। इसे एक सुरक्षित विकल्प माना जाता है। आप हर महीने मिनिमम 100 रुपये या 10 रुपये के मल्टीपल में कोई भी रकम इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं। एक अक्टूबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक पोस्ट ऑफिस की स्कीम पर 6.7 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा है। इसके लिए आपको पांच साल के लिए रेकरिंग डिपॉजिट स्कीम में निवेश करना होगा।
किसान विकास पत्र
किसान विकास पत्र लोगों के बीच पैसा डबल करने वाली स्कीम के रूप में पॉपुलर है। इस स्कीम में निवेश की रकम पर 7.5 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा है। आप 1000 रुपये से इस स्कीम में निवेश की शुरुआत कर सकते हैं। इस स्कीम में ज्वाइंट अकाउंट खोलकर भी निवेश की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही नॉमिनी का विकल्प भी उपलब्ध है। किसान विकास पत्र में निवेश की रकम 115 महीने में डबल हो जाती है। इस स्कीम के तहत आप किसी भी नजदीकी डाकघर में जाकर खाता खुलवा सकते हैं और निवेश की शुरुआत कर सकते हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना
सुकन्या समृद्धि योजना की शुरुआत बेटियों के लिए आठ साल पहले साल 2015 में की गई थी। माता-पिता इस स्मॉल सेविंग स्कीम में निवेश कर अपनी बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित कर सकते हैं। मौजूदा तिमाही के लिए सरकार ने 8 फीसदी का ब्याज दर तय किया है। यह एक लॉन्ग टर्म सेविंग स्कीम है। सुकन्या समृद्धि योजना 21 साल में मैच्योर होती है। इसमें माता-पिता को शुरुआत के 15 साल तक ही पैसा जमा करना होता है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष से कम आयु की बेटियों का खाता उनके माता-पिता के नाम पर ही खुलता है।
