यूटिलिटी

Share Market: शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 102 अंक चढ़ा, निफ्टी भी ग्रीन

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Aug 21, 2024, 07:26 PM IST

Share Market Update: बाजार में कारोबार सीमित दायरे में रहा। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में लगातार दूसरे दिन तेजी रही और यह 102.44 अंक यानी 0.13 प्रतिशत चढ़कर 80,905.30 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे।

Image

(Image Source: iStockphoto)

Share Market Update: शेयर बाजार में बुधवार को भी तेजी जारी रही और बीएसई सेंसेक्स 100 अंक से अधिक के लाभ में रहा। घरेलू संस्थागत निवेशकों की मजबूत लिवाली के बीच रोजाना उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, टिकाऊ उपभोक्ता सामान और स्वास्थ्य क्षेत्र के शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। कारोबारियों के अनुसार, हालांकि अमेरिका में फेडरल रिजर्व की बैठक का ब्योरा जारी होने से पहले वैश्विक बाजारों में सतर्क रुख के बीच हाल में विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी ने घरेलू बाजार में तेजी पर कुछ अंकुश लगाया।

सीमित दायरे में कारोबार

बाजार में कारोबार सीमित दायरे में रहा। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में लगातार दूसरे दिन तेजी रही और यह 102.44 अंक यानी 0.13 प्रतिशत चढ़कर 80,905.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 149.97 अंक तक चढ़ गया था। एनएसई निफ्टी में पांचवें दिन तेजी रही और यह 71.35 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,770.20 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू बाजार बढ़त के साथ एक सीमित दायरे में रहा। बाजार को घरेलू संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से समर्थन मिला। बाजार में जोखिम से निपटने के लिए रक्षात्मक माने जाने क्षेत्रों का प्रदर्शन अच्छा रहा। इसका कारण निवेशकों का रुख दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी), जिंस, उपभोक्ता सामान और दवा क्षेत्र की ओर है।

नीतिगत दर में कटौती को लेकर उम्मीद

उन्होंने कहा कि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक का ब्योरा जारी होने से पहले वैश्विक बाजारों में कुछ सतर्क रुख देखने को मिला। अमेरिका में महंगाई दर में कमी तथा वृद्धि दर में नरमी के साथ नीतिगत दर में कटौती को लेकर उम्मीद अधिक है। सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन, एशियन पेंट्स, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल लाभ में रहीं।

टॉप गेनर स्टॉक्स

इसके उलट, नुकसान में रहने वाले शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजी, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 0.87 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप इंडेक्स 0.43 प्रतिशत के लाभ में रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 1,457.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,252.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article