यूटिलिटी

हल्के वजन के आभूषण खरीद रहे हैं युवा, कारोबारियों को बंपर बिक्री की उम्मीद

सोने का भाव 28 अक्टूबर को 63,000 रुपये के उच्चतम स्तर से 800-1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) तक गिर गया। दिल्ली में 2022 में धनतेरस के दिन सोने की कीमतें करों को छोड़कर 50,139 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं। सामान्य वर्षों में धनतेरस के दिन करीब 20-30 टन सोने की बिक्री होती है।

Image

gold buying, Gold Rate, Gold Dhanteras,

Photo : iStock

दुनिया के सबसे बड़े सोने के उपभोक्ता देश भारत में दिवाली से पहले धनतेरस पर सोने तथा चांदी की खरीदारी शुक्रवार को सोने की कीमतों में नरमी के साथ उपभोक्ता मांग में सुधार के चलते सकारात्मक रही। सोने का भाव 28 अक्टूबर को 63,000 रुपये के उच्चतम स्तर से 800-1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) तक गिर गया। इससे धनतेरस पर खरीदारी को बढ़ावा मिला जिसे हिंदू पंचांग में कीमती धातुओं से लेकर अन्य वस्तुओं की खरीद के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है।

बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद

कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने की बिक्री पिछले साल के स्तर को पार कर जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने की कीमतें 400 रुपये गिरकर 60,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गईं। दिल्ली में 2022 में धनतेरस के दिन सोने की कीमतें करों को छोड़कर 50,139 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं। सामान्य वर्षों में धनतेरस के दिन करीब 20-30 टन सोने की बिक्री होती है। कारोबारियों ने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जो देर रात तक जारी रहेगी।

हल्के वजन के आभूषण की खरीदारी

ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) के निदेशक दिनेश जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सोने की कीमतें कारोबार के लिए अनुकूल हैं। हम आज अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। हमें उपभोक्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और ग्राहकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हीरे की कीमतें गिरने से युवा पीढ़ी हल्के वजन के आभूषण खरीद रही है और कुछ लोग सोने तथा चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं।

ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है

मुंबई स्थित पीएम शाह एंड कंपनी ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक जैन ने कहा कि हमें इस धनतेरस पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। बिक्री कैसी रही यह शाम तक ही पता चल पाएगा। पीएम शाह एंड कंपनी ज्वैलर्स की पांच दुकानें हैं। ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेड फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन मनीष जैन ने कहा कि दाम कम हुए हैं और उपभोक्ता मांग बढ़ी है। ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है।

एक्सिस सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटीज) देवेया गगलानी ने कहा कि पिछले साल धनतेरस के बाद से सोने ने निफ्टी 50 के रिटर्न को आसानी से पछाड़ते हुए करीब 20 प्रतिशत का शानदार रिटर्न दिया है।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article