देश में अक्सर खेतों और घरों में सांप निकलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। खासकर किसान, जो रात के समय खेतों में सिंचाई या अन्य कामों के लिए जाते हैं, उन्हें जहरीले सांपों का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। कई बार ये घटनाएं जानलेवा भी साबित होती हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल बना रहता है।
वैज्ञानिकों की नई खोज से मिलेगी राहत
अब इस समस्या से निपटने के लिए भारतीय वैज्ञानिकों ने एक खास उपकरण तैयार किया है, जिसे ‘किसान मित्र छड़ी’ नाम दिया गया है। यह छड़ी किसानों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। सामान्य दिखने वाली इस छड़ी में एक खास तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो आसपास मौजूद सांप या अन्य जहरीले जीवों का पहले ही संकेत दे देती है।
100 मीटर दूर से मिलेगा खतरे का संकेत
इस छड़ी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह करीब 100 मीटर के दायरे में मौजूद सांप या विषैले जीवों की पहचान कर सकती है। इसमें लगे बटन को दबाते ही यह सक्रिय हो जाती है और जैसे ही आसपास खतरा महसूस होता है, छड़ी तेज कंपन करने लगती है। यह कंपन किसानों को सावधान रहने का संकेत देता है।
कैसे काम करती है यह छड़ी?
किसानों को खेत में जाते समय इस छड़ी को साथ रखना होगा। खेत में पहुंचकर इसे जमीन के पास रखकर बटन दबाना होता है। यदि आसपास कोई सांप मौजूद है, तो छड़ी तुरंत कंपन शुरू कर देती है। इससे किसान समझ जाते हैं कि वहां खतरा हो सकता है और वे समय रहते सावधानी बरत सकते हैं।
कृषि मेले में दी गई जानकारी
इस खास तकनीक की जानकारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ के दौरान दी। इसका वीडियो भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि यह छड़ी खासतौर पर उन किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जो रात में खेतों में काम करते हैं और सांपों के खतरे का सामना करते हैं।
भारत में सांप काटने के गंभीर आंकड़े
भारत में हर साल लाखों लोग सांप के काटने का शिकार होते हैं। अनुमान के अनुसार, 30 से 40 लाख मामलों में से लगभग 58 हजार लोगों की जान चली जाती है। इनमें बड़ी संख्या किसानों की होती है, जो खेतों में काम करते समय इस खतरे से दो-चार होते हैं।
