खुद का बिजनेस शुरू करने का सपना होगा साकार, सरकार देगी बिना कोलैटरल 20 लाख तक का लोन
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 14, 2026, 08:21 PM IST
Pradhan Mantri MUDRA Yojana: अगर आप भी खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं या बिजनेस का विस्तार करना चाहते हैं और लोन की जरूरत महसूस कर रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। आप भारत सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) का लाभ ले सकते हैं। इस योजना के तहत जरूरतमंदों को व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपए तक का लोन उपलब्ध करवाया जाता है।
Pradhan Mantri MUDRA Yojana (Photo : iStock)
Pradhan Mantri MUDRA Yojana: भारत सरकार की ओर से देश के नागरिकों के लिए कई योजनाएं चलाई जाती हैं, इन्हीं योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) है। यह योजना नए उद्यमियों को उनके व्यावसायिक विचारों को साकार करने में सक्षम बना रही है। योजना के तहत उद्यमियों को उनके व्यवसाय के लिए लोन की सुविधा दी जाती है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) को पीएम मोदी द्वारा 8 अप्रैल, 2015 को शुरू किया गया था। इस योजना के तहत गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि लघु और सूक्ष्म उद्यमों को सशक्त बनाने के क्रम में लोन की सुविधा प्रदान की जाती है।
कितनी है लोन की सीमा
इस योजना की शुरुआत उद्यमियों को 10 लाख रुपए तक का लोन देने के साथ हुई थी। हालांकि, महत्वाकांक्षी उद्यमियों को सहायता करने के उद्देश्य से 23 जुलाई, 2024 को केंद्रीय बजट 2024-25 के दौरान योजना के तहत लोन की सीमा को बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने की घोषणा की गई। यह नई सीमा 24 अक्टूबर, 2024 से प्रभावी है। हालांकि, लोन की यह राशि योजना के तहत बांटी गई श्रेणियों पर निर्भर करती है।
योजना के तहत श्रेणियां
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के तहत चार अलग-अलग श्रेणियों में मुद्रा लोन की सुविधा दी जाती है। मुद्रा लोन की ये श्रेणियां 'शिशु', 'किशोर' 'तरुण' और 'तरुण प्लस' है। ये श्रेणियां उधार लेने वालों की लोन आवश्यकता को दर्शाती है। जैसे शिशु श्रेणी के उधारकर्ता को 50,000 रुपए तक का लोन मिलता है। वहीं, किशोर श्रेणी के उधारकर्ता को 50,000 रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक का लोन मिलता है। इसके ऊपर तरुण श्रेणी को रखा गया है, जिसमें उधारकर्ता को 5 लाख रुपए से 10 लाख रुपए तक का लोन दिया जाता है। इसी तरह, सबसे ऊपर तरुण प्लस श्रेणी को रखा जाता है, जिसमें सरकार की ओर से 10 लाख रुपए से 20 लाख रुपए तक के लोन की सुविधा दी जाती है। जिन उद्यमियों ने ‘तरुण’ श्रेणी के तहत पहले लिए गए लोन को सफलतापूर्वक चुका दिया हो, वे तरुण प्लस श्रेणी में ज्यादा राशि के लिए लोन ले सकते हैं।
कौन देता है लोन
पीएमएमवाई के तहत लोन को मुद्रा लोन के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इन लोन को वाणिज्यिक बैंक, आरआरबी, लघु वित्त बैंक, सहकारी बैंक, एमएफआई और एनबीएफसी द्वारा उपलब्ध करवाया जाता है।
कैसे करें अप्लाई
पीएमएमवाई के लिए मुद्रा योजना की ऑफिशियल वेबसाइट mudra.org.in पर अप्लाई किया जा सकता है। इसके अलावा, उधारकर्ता बताए गए किसी भी लोन देने वाले संस्थान से संपर्क कर सकता है।
कौन ले सकता है लोन
कोई भी भारतीय नागरिक जिसके पास मैन्युफैक्चरिंग, प्रॉसेसिंग, ट्रेडिंग या सर्विस सेक्टर जैसी गैर-कृषि आय सृजन गतिविधि के लिए व्यवसाय योजना है और जिसे 20 लाख रुपए तक के लोन की जरूरत है वह पीएमएमवाई के तहत मुद्रा लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।