EPFO UPI withdrawal: EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) जल्द ही अपने ग्राहकों के लिए UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इस नए फीचर से PhonePe, Google Pay, Paytm और BHIM जैसे डिजिटल पेमेंट ऐप्स के जरिए तुरंत फंड ट्रांसफर संभव हो सकेगा।
UPI से PF निकासी: तेजी से होगा ट्रांजैक्शन
अभी तक PF निकासी में NEFT या RTGS के जरिए 2-3 दिन लगते हैं, लेकिन UPI इंटीग्रेशन के बाद यह रियल-टाइम ट्रांसफर में बदल जाएगा। EPFO इस सुविधा को जल्द से जल्द लागू करने के लिए NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के साथ चर्चा कर रहा है।
ATM से भी निकाल सकेंगे PF
EPFO सिर्फ UPI ट्रांजैक्शन ही नहीं, बल्कि ATM के जरिए भी PF निकासी की सुविधा लाने की योजना बना रहा है। श्रम सचिव सुमिता दावरा ने 2024 में इसकी घोषणा की थी। यह सुविधा UAN या लिंक्ड बैंक अकाउंट के जरिए उपलब्ध होगी।
EPFO का नया डिजिटल प्लान
EPFO अपने नए डिजिटल प्लान के तहत PF निकासी को आसान बनाने की दिशा में काम कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, UPI आधारित PF निकासी सुविधा अगले 2-3 महीनों में लॉन्च की जा सकती है, जिससे कर्मचारी तेजी से अपने फंड का उपयोग कर सकेंगे। EPFO अब तक 50 मिलियन से ज्यादा दावों का निपटान कर चुका है और वित्त वर्ष 2024-25 में ₹2.05 लाख करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। इस नई सुविधा के आने से PF निकासी की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
