Navi Mumbai International Airport Location: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित जल टैक्सी सेवा से लोग मुंबई में कहीं से भी आगामी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक 17 मिनट में पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रविवार रात महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे और तभी उन्होंने यह बात कही। उन्होंने मुंबई तथा ठाणे के बीच कनेक्टिविटी में बदलाव लाने और यातायात की भीड़भाड़ को कम करने के मकसद से सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में भी बताया।
सिर्फ 17 मिनट में मुंबई से पहुंचेंगे नवी मुंबई एयरपोर्ट, नितिन गडकरी ने बताया कैसे
लगेंगे सिर्फ 17 मिनट
आपको बता दें कि मुंबई में 20 नवंबर 2024 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। नवी मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Navi Mumbai International Airport) का परिचालन मार्च 2025 में शुरू होने की उम्मीद है। गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित जल टैक्सी सेवा शुरू होने पर यात्रियों को मुंबई के किसी भी हिस्से से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे () तक पहुंचने में ‘‘केवल 17 मिनट ’’ लगेंगे। मंत्री ने कहा कि इस पहल का समर्थन करने के लिए हवाई अड्डे के पास ‘जेटी’ का निर्माण पहले ही किया जा चुका है।
समुद्री मार्गों के इस्तेमाल का सुझाव
उन्होंने कहा, ‘‘ मुंबई और ठाणे के आसपास के विशाल समुद्री मार्गों का इस्तेमाल कर हम यातायात की भीड़ और वायु प्रदूषण को काफी हद तक कम कर सकते हैं।’’ मुंबई और पुणे में यातायात संबंधी समस्याओं पर गडकरी ने नयी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसके पूरी तरह शुरू हो जाने पर बाहरी यातायात का मार्ग परिवर्तित हो जाएगा तथा महानगरीय क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम हो जाएगी।
