एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। अब रास्ते में गाड़ी पंचर होने या खराब होने की स्थिति में लोगों को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है।
एक्सप्रेसवे-हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत, NHAI ने किया सबसे बड़ा इंतजाम
NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर मौजूद वेसाइड अमेनिटीज (WSA) के संचालकों को वाहन मरम्मत और पंचर रिपेयर की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को रास्ते में तुरंत मदद उपलब्ध कराना है।
सफर को आसान बनाने के लिए NHAI का बड़ा कदम
राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पर यात्रा को बेहतर बनाने के लिए NHAI की कंपनी एनएचएलएमएल (NHLML) ने यह पहल शुरू की है। कंपनी ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश दिया है कि वे वेसाइड अमेनिटीज पर जल्द से जल्द वाहन रिपेयर और पंचर ठीक करने की सुविधा उपलब्ध कराएं।
इस कदम का मुख्य उद्देश्य सड़क पर खराब हुए वाहनों को जल्दी ठीक करना, यात्रियों को समय पर सहायता देना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। NHAI के मुताबिक, देशभर में हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सड़क किनारे मरम्मत सेवाओं की जरूरत भी बढ़ गई है।
यात्रियों को मिलेंगी ज्यादा सुविधाएं
NHLML पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत हाईवे के किनारे वेसाइड अमेनिटीज का नेटवर्क तैयार कर रहा है। इन सुविधा केंद्रों पर यात्रियों के लिए कई जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब इन केंद्रों पर वाहन मरम्मत की दुकान और पंचर रिपेयर जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। पहले से तय समझौतों के तहत इन सेवाओं को शामिल करने की अनुमति दी गई है।
एक ही जगह मिलेंगी कई जरूरी सेवाएं
वेसाइड अमेनिटीज को ऐसे सुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों को एक ही जगह कई जरूरी सुविधाएं मिल सकें। इन केंद्रों पर यात्रियों और कमर्शियल वाहन चालकों को सफर के दौरान जरूरत की सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे खराब वाहन के कारण होने वाली परेशानी कम होगी और यात्रियों का सफर ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
हाईवे यात्रा में बढ़ेगा भरोसा
NHAI की इस पहल से न केवल वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि हाईवे पर रुकने वाले खराब वाहनों की वजह से होने वाली समस्याएं भी कम हो सकती हैं। अब लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को रास्ते में वाहन खराब होने पर मदद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
