यूटिलिटी

mAadhaar ऐप होगा बंद, नए Aadhaar App से होंगे सारे काम, जानें सारे फीचर्स

सरकार ने mAadhaar ऐप को बंद करने का फैसला लिया है। इसकी जगह कुछ दिन पहले लॉन्च हुआ New Aadhaar App इस्तेमाल होगा। नए ऐप के जरिए सिर्फ QR कोड से कई काम हो जाएंगे।

Image

Aadhaar Card

सरकार ने Aadhaar सेवाओं को और सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पुराने mAadhaar ऐप को बंद करने का ऐलान किया है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने जानकारी दी है कि अब यूजर्स को नए Aadhaar ऐप पर शिफ्ट होना होगा।

UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर इसकी पुष्टि की और लोगों से नए ऐप को डाउनलोड करने की अपील की। सरकार का कहना है कि नया ऐप पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित होगा और यूजर्स को अपने डेटा पर बेहतर नियंत्रण देगा।

सिर्फ नया डिजाइन नहीं, बदला पूरा सिस्टम

नया Aadhaar ऐप केवल पुराने mAadhaar का नया वर्जन नहीं है, बल्कि इसमें पहचान सत्यापन और डेटा शेयरिंग का तरीका पूरी तरह बदल दिया गया है। पहले Aadhaar वेरिफिकेशन के दौरान कई बार पूरी जानकारी दिखाई देती थी, लेकिन नए सिस्टम में अब केवल जरूरत के अनुसार सीमित जानकारी ही साझा की जाएगी। इससे यूजर्स की प्राइवेसी पहले से ज्यादा सुरक्षित रहेगी।

QR शेयरिंग और फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा

नए एप में QR कोड आधारित सुरक्षित Aadhaar शेयरिंग फीचर दिया गया है। इसकी मदद से होटल, अस्पताल, सरकारी दफ्तर या अन्य सेवा केंद्रों पर बिना पूरा Aadhaar नंबर दिखाए जरूरी जानकारी साझा की जा सकेगी। इसके अलावा ऑथेंटिकेशन सिस्टम को भी मजबूत किया गया है। पहले लॉगिन और सत्यापन मुख्य रूप से OTP पर आधारित था, लेकिन अब फेस ऑथेंटिकेशन और QR वेरिफिकेशन जैसे अतिरिक्त सुरक्षा स्तर जोड़े गए हैं। UIDAI का मानना है कि इससे डिजिटल पहचान के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा।

बायोमेट्रिक डेटा पर मिलेगा ज्यादा कंट्रोल

नए Aadhaar ऐप में यूजर्स अपने फिंगरप्रिंट, फेस और आइरिस ऑथेंटिकेशन डेटा को सीधे एप से लॉक या मैनेज कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर साझा या सार्वजनिक डिवाइस इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

ऐसे करें नया Aadhaar ऐप सेटअप

यूजर्स को सबसे पहले Google Play Store जैसे आधिकारिक एप स्टोर से “Aadhaar” एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद भाषा चुनकर Aadhaar से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और OTP के जरिए सत्यापन करना होगा। कुछ यूजर्स को सेटअप के दौरान फेस ऑथेंटिकेशन भी पूरा करना पड़ सकता है। इसके बाद PIN या बायोमेट्रिक लॉक सेट करना होगा और Aadhaar नंबर जोड़कर दोबारा OTP वेरिफिकेशन करना होगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article