यूटिलिटी

Ladli Behna Yojana 27th Kist : 'लाड़ली बहनें' तुरंत चेक करें बैंक खाता, आ गई 27वीं किस्त; शगुन के लिफाफे में आए 1500

Ladli Behna Yojana 27th Kist : रक्षाबंधन के पर्व पर 7 अगस्त 2025 को लाड़ली बहनों के खातों में 1250 प्रतिमाह आने वाली राशि में 250 रुपये अतिरिक्त बतौर शगुन मिलाकर कुल 1500 रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई। लाभार्थी अपने बैंक खाते में भेजी गई धनराशि चेक कर सकती हैं। आने वाले समय में सरकार इस धनराशि को बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का प्लान कर रही है।

Image

लाडली बहना योजना की 27वीं किस्त

Ladli Behna Yojana 27th Kist : रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों को भाईयों से शगुन की बड़ी आस है... तो अब सिर्फ भाई ही नहीं बल्कि, सरकार ने भी अपनी 'लाड़ली' बहनों को तोहफा भेजा है। हालांकि, इसका लाभ सिर्फ मध्य प्रदेश की बहनों को मिलेगा। जी, हां मध्य प्रदेश सरकार ने 'लाड़ली बहना योजना' के अंतर्गत राज्य की महिलाओं के बैंक खातों में 27वीं किस्त भेजी है। इस बार नियमित 1250 रुपये के साथ 250 रुपये का अतिरिक्त लाभ बतौर रक्षाबंधन के शगुन के रूप में दिया गया। आइये जानते हैं यह तोहफा कितने करोड़ बहनों को मिला है और इस योजना के लिए कौन पात्र हैं?

इस रक्षाबंधन के त्योहार पर 'लाड़ली बहना योजना' के अंतर्गत 1.27 करोड़ महिलाओं को शगुन के तोहफे के साथ 1500 रुपये की धनराशि भेजी गई है। त्योहार के दिन यानी 7 अगस्त को 1250 रुपये में 250 रुपये अतिरिक्त राशि जोड़कर कुल 1500 रुपये भेजे गए। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए महिलाओं के लिए प्रस्तावित 27,147 करोड़ के विशेष बजट में से 18,699 करोड़ रुपये 'लाड़ली बहना' के लिए तय किए थे। जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में जुलाई 2025 तक 6198.88 करोड़ रुपये की राशि व्यय किया गया। सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं सशक्त होंगी और वे अधिक आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

योजना का नाम 'लाड़ली बहना योजना
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत 5 मार्च 2023
लाड़ली बहना योजना को शुरु करने वाला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
लाड़ली बहना योजना की धनराशि 1250
लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं की उम्र 21-60 वर्ष
लाड़ली बहना योजना का आवेदन ऑफलाइन/ऑनलाइन

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लाड़ली बहना योजना की शुरुआत 5 मार्च 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में 1000 हजार रुपये प्रतिमाह के साथ हुई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 1250 रुपये कर दिया गया, जिसे अब बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, आने वाले समय में सरकार इस धनराशि को 1500 रुपये से बढ़ाकर 3,000 तक बढ़ाने की योजना बना रही है। लिहाजा, भविष्य में यह योजना महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। सीएम मोहन यादव का कहना है कि लाडली बहना योजना के तहत प्रत्येक वर्ष पैसे बढ़ाए जाएंगे और साल 2028 तक महिलाओं को 3000 रुपये महीने दिए जाएंगे। दिवाली के बाद भैया दूज से ही 1500 रुपये मिलने लगेंगे।

लाड़ली बहना योजना का कौन पात्र?

लाड़ली बहना योजना का लाभ उठाने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 साल होना अनिवार्य है और जिनकी पारिवारिक आय सीमा (2.5 लाख से कम) के अंतर्गत आती हैं। इसके अलावा वो किसी प्रकार का टैक्स न भरती हों और न ही उनके परिवार को कोई सदस्य सरकारी नौकरी में नियमित/स्थायी/संविदा कर्मचारी या पेंशनभोगी हो। कुल मिलाकर यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न-मध्य वर्ग की महिलाओं के लिए लॉन्च की गई थी।

कहां आएंगे रुपये

इस योजना की पात्र महिला के आधार नंबर से लिंक किए गए बैंक अकाउंट में प्रति माह डायरेक्ट 1500 रुपये (या अपडेटेड राशि) DBT डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार प्रत्येक वर्ष विशेष अवसरों पर अतिरिक्त राशि भी भेजती है, जो इस बार फिर रक्षाबंधन के मौके पर भेजी है। इससे जुड़ी कुछ सेवाएं मध्य प्रदेश सरकार के CM Ladli Behna Yojana Portal पर भी उपलब्ध हैं, जहां लाभार्थी अपना आवेदन स्टेटस, भुगतान इत्यादि से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

लाड़ली बहना योजना के लिए कहां करें आवेदन?

लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक महिलाओं को ऑफलाइन और पंचायत/वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों से करना होगा। आवेदन करने के लिए ग्राम पंचायत. नगर पालिका या निकटतम सेवा केंद्र पर निर्धारित फॉर्म भरने के लिए जाना होगा। इसके लिए तय दस्तावेज में आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक की कॉपी, आय प्रमाण पत्र आदि की प्रतिलिपि संलग्न करके जमा करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद पात्रता की जांच की जाती है और फिर लिस्ट प्रकाशित की जाती है। पात्र पाए जाने पर महिला को संबंधित योजना में शामिल किया जाता है। सरकार का प्लान राज्य की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चत करना है। बहनों की पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में स्थिति को सुधारना है, ताकि वे सामाजिक और पारिवारिक निर्णयों में सशक्त भागीदार बन सकें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article