सोशल मीडिया पर आए दिन कोई-न-कोई वीडियो वायरल होता रहता है, जिसे देखकर वीडियो को देखने वाले व्यक्ति आसानी से वीडियो में दिखाई जा रही जानकारियों को सच मान लेते हैं। इसी कड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी आधार कार्ड धारकों के लिए फ्री एसी स्कीम की घोषणा कर रहे हैं। ऐसे में अगर आपने भी यह वीडियो देखा होगा तो जाहिर सी बात है आपके जेहन में भी यही सवाल होगा कि क्या सच में सरकार आधार कार्ड धारकों के लिए फ्री एसी स्कीम लेकर आई है। दरअसल, इस वायरल वीडियो की भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेकिंग एजेंसी PIB Fact Check ने जांच की और इसे पूरी तरह फर्जी बताया है। यानी पीएम मोदी की ओर से इस तरह कोई ऐलान नहीं किया गया है कि हर आधार कार्ड धारक को फ्री एसी दिया जाएगा।
आधार कार्ड धारकों को क्या सच में मिल रहा है फ्री एसी? (Photo: PIB)
एआई की मदद से तैयार हुआ है वीडियो
पीआईबी की ओर से साफ कर दिया गया है कि इस वीडियो में दिखाई जा रही सामग्री वास्तविक नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है और न ही केंद्र सरकार की ओर से आधार कार्ड पर मुफ्त AC देने जैसी कोई योजना चलाई जा रही है।
कहीं आप न आ जाएं झांसे में
PIB Fact Check ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एजेंसी का कहना है कि इंटरनेट पर कई बार ऐसे वीडियो और संदेश फैलाए जाते हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को भ्रमित करना होता है। इसलिए किसी भी आकर्षक या लुभावने दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है।
आपको यह समझने की जरूरत है कि AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ फर्जी वीडियो और डीपफेक कंटेंट का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे वीडियो देखने में बिल्कुल असली लग सकते हैं, जिससे आम लोगों के लिए सच और झूठ के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि सरकार और अलग-अलग एजेंसियां समय-समय पर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही हैं।
बिना जांचे न फॉरवर्ड करें वीडियो
PIB ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी वीडियो या संदेश को बिना जांचे-परखे आगे फॉरवर्ड न करें। अगर कोई दावा बहुत आकर्षक या असामान्य लगे, तो उसकी पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से जरूर करें। इससे फर्जी खबरों के प्रसार को रोका जा सकता है और लोगों को धोखाधड़ी से बचाया जा सकता है।
कहां चेक करें सरकारी योजनाएं
केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और लाभकारी कार्यक्रमों की सही और आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिकों को सरकार के आधिकारिक पोर्टल myscheme.gov.in पर विजिट करना चाहिए। यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा, किसी भी नई सरकारी स्कीम को लेकर पीआईबी की ओर से भी प्रेस रिलीज जारी की जाती है, जिसे https://www.pib.gov.in/ पर अलग-अलग मंत्रालय के तहत चेक किया जा सकता है। इसके अलावा, पीआईबी एक्स हैंडल पर भी आधिकारिक जानकारी दी जाती है।
