Induction vs Infrared Chulha Kaun Sa Best Hai: आज के मॉडर्न किचन में गैस चूल्हों की जगह तेजी से इलेक्ट्रिक कुकटॉप ले रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा लोकप्रिय दो विकल्प हैं, इंडक्शन और इंफ्रारेड चूल्हा, हालांकि अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच चल रही जंग के कारण भारत में अब लोग मजबूरी में इंडक्शन या इंफ्रारेड चूल्हा खरीद रहे हैं, लेकिन कुछ चीजों का ध्यान रखना भी जरूरी है, नहीं तो आपका पैसा बर्बाद हो जाएगा और रसोई गैस ना होने के कारण खान भी नहीं मिलेगा।
इंडक्शन vs इंफ्रारेड चूल्हा: खरीदने से पहले जान लें ये बड़ा फर्क/Photo- Canva
सबसे पहले आपको बता दें कि इंडक्शन और इंफ्रारेड चूल्हा, दोनों ही बिजली से चलते हैं, लेकिन काम करने का तरीका, सेफ्टी और परफॉर्मेंस के मामले में इनमें बड़ा फर्क होता है। अगर आप भी नया कुकटॉप खरीदने की सोच रहे हैं, तो पहले इन दोनों के अंतर को समझ लेना जरूरी है।
इंडक्शन चूल्हा कैसे काम करता है
इंडक्शन चूल्हा इलेक्ट्रोमैग्नेटिक तकनीक पर काम करता है। इसमें हीट सीधे बर्तन में पैदा होती है, न कि कुकटॉप की सतह पर। इसके लिए खास तरह के मैग्नेटिक बर्तन (जैसे लोहे या स्टील) का इस्तेमाल जरूरी होता है। इस तकनीक की वजह से खाना जल्दी बनता है और बिजली की बचत भी होती है। साथ ही, यह चूल्हा तभी काम करता है जब उस पर बर्तन रखा हो, जिससे सेफ्टी का स्तर भी बढ़ जाता है।
इंफ्रारेड चूल्हा कैसे करता है काम
इंफ्रारेड चूल्हा हीटिंग एलिमेंट के जरिए गर्मी पैदा करता है। इसमें रेडिएंट हीट बनती है जो कुकटॉप की सतह को गर्म करती है और फिर बर्तन को गर्म करती है। इसकी खास बात यह है कि इसमें किसी खास बर्तन की जरूरत नहीं होती। आप एल्यूमिनियम, स्टील, कांच या किसी भी फ्लैट बॉटम वाले बर्तन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
दोनों में मुख्य अंतर क्या हैं
- हीटिंग टेक्नोलॉजी: इंडक्शन में हीट सीधे बर्तन में बनती है, जबकि इंफ्रारेड में पहले सतह गर्म होती है।
- स्पीड और एफिशिएंसी: इंडक्शन तेजी से खाना बनाता है और कम बिजली खर्च करता है। इंफ्रारेड थोड़ा धीमा और ज्यादा बिजली खपत वाला हो सकता है।
- बर्तन की जरूरत: इंडक्शन के लिए मैग्नेटिक बर्तन जरूरी हैं, जबकि इंफ्रारेड में कोई भी बर्तन इस्तेमाल हो सकता है।
- सेफ्टी: इंडक्शन ज्यादा सुरक्षित है क्योंकि यह बिना बर्तन के चालू नहीं होता। इंफ्रारेड में सतह गर्म रहती है, जिससे जलने का खतरा रहता है।
कौन-सा खरीदना रहेगा फायदे का सौदा
अगर आप तेजी, सेफ्टी और बिजली की बचत चाहते हैं, तो इंडक्शन चूल्हा बेहतर विकल्प है। यह खासकर छोटे परिवार और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए परफेक्ट है। वहीं, अगर आपके पास पहले से अलग-अलग तरह के बर्तन हैं और आप उन्हें बदलना नहीं चाहते, तो इंफ्रारेड चूल्हा आपके लिए सही रहेगा।
खरीदने से पहले किन बातों का रखें ध्यान
कुकटॉप खरीदते समय अपनी जरूरत, बजट और किचन के इस्तेमाल को ध्यान में रखें। साथ ही बिजली की खपत, सेफ्टी फीचर्स और ब्रांड वारंटी को भी नजरअंदाज न करें। कुल मिलाकर कहें तो इंडक्शन और इंफ्रारेड दोनों के अपने फायदे और नुकसान हैं।
आपको कौन-सा लेना चाहिए यह आपकी जरूरत और इस्तेमाल पर निर्भर करता है। अगर आप स्मार्ट और सेफ कुकिंग चाहते हैं तो इंडक्शन बेहतर है, जबकि फ्लेक्सिबिलिटी के लिए इंफ्रारेड अच्छा विकल्प साबित हो सकता है यानी बर्तन के लिए पैसे नहीं खर्च करना चाहते हैं तो इंफ्रारेड चूल्हा आपके लिए है।
