यूटिलिटी

रेलवे ने इमरजेंसी कोटा नियमों में किया बड़ा बदलाव: अब तय समय से पहले करनी होगी रिक्वेस्ट, जानें नया सिस्टम

रेलवे ने हाल ही में रिजर्वेशन चार्ट 8 घंटे पहले तैयार करने का फैसला लिया था, जिसे पहले 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था। इसी निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए EQ रिक्वेस्ट की टाइमिंग भी बदली गई है। रेलवे बोर्ड के EQ सेल को रोजाना बड़ी संख्या में VIPs, रेलवे अधिकारियों और सरकारी विभागों से रिक्वेस्ट मिलती हैं।

Image

सांकेतिक फोटो (फोटो साभार - istock)

Indian Railways Emergency Quota Rules: भारतीय रेलवे ने इमरजेंसी कोटा (Emergency Quota) से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए नियमों में अहम बदलाव किया है। अब इस कोटे के तहत सीट मांगने के लिए यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान से एक दिन पहले ही आवेदन करना होगा। नई गाइडलाइंस के अनुसार, तय समय के बाद भेजी गई रिक्वेस्ट को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रेलवे ने क्या कहा?

रेल मंत्रालय की ओर से मंगलवार को एक सर्कुलर जारी किया गया, जिसमें इमरजेंसी कोटा से जुड़ी नई गाइडलाइंस दी गई हैं। इसके अनुसार, जो ट्रेनें रात 12 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच रवाना होंगी, उनके लिए इमरजेंसी कोटा की रिक्वेस्ट यात्रा से एक दिन पहले दोपहर 12 बजे तक EQ सेल में पहुंच जानी चाहिए। वहीं, दोपहर 2:01 बजे से रात 11:59 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए रिक्वेस्ट शाम 4 बजे तक भेजनी होगी।

क्यों लिया गया ये फैसला?

रेलवे ने हाल ही में रिजर्वेशन चार्ट 8 घंटे पहले तैयार करने का फैसला लिया था, जिसे पहले 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था। इसी निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए EQ रिक्वेस्ट की टाइमिंग भी बदली गई है। यह कदम ट्रेनों की समय पर रवाना होने और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए उठाया गया है।

छुट्टियों और रविवार के लिए क्या नियम हैं?

संडे और सरकारी छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन दिनों या इसके अगले दिन चलने वाली ट्रेनों के लिए इमरजेंसी कोटा की रिक्वेस्ट आखिरी कार्यदिवस के ऑफिस टाइम में ही दी जानी चाहिए। इससे संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रिक्वेस्ट समय पर भेजी जाए ताकि चार्ट तैयार करने में कोई देरी न हो।

VIP और सरकारी विभागों की बढ़ती डिमांड

रेलवे बोर्ड के EQ सेल को रोजाना बड़ी संख्या में VIPs, रेलवे अधिकारियों और सरकारी विभागों से रिक्वेस्ट मिलती हैं। मंत्रालय ने कहा है कि सभी कोटे का आवंटन सावधानीपूर्वक और नियमों के अनुरूप किया जाएगा। साथ ही फॉरवर्डिंग अथॉरिटी से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जिस व्यक्ति की रिक्वेस्ट भेजी जा रही है, वह वास्तव में पात्र हो और सभी दिशानिर्देशों का पालन हो रहा हो।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article