DL and RC Mobile Number Update Alert: केंद्र सरकार की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस धारकों और वाहन मालिकों के लिए एक जरूरी अपडेट जारी किया गया है। अगर आप भी वाहन चालक हैं तो आपको भी इस अपडेट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से एक लेटेस्ट एक्स पोस्ट में नागरिकों से उनके मोबाइल नंबर को Vahan और Sarathi पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया है। ड्राइविंग लाइसेंस धारकों और वाहन मालिकों के रिकॉर्ड हमेशा सही और अपडेटेड बने रहें इसके लिए पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेट किया जाना जरूरी है। केंद्र की ओर से यह कदम डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुविधाजनक अनुभव देने की दिशा में उठाया गया है।
जरूरी अपडेट हो सकते हैं मिस
क्योंकि आज के समय में अधिकांश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं। ऐसे में अगर आपके रिकॉर्ड में सही मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, तो आपको कई जरूरी अपडेट्स और सूचनाएं समय पर नहीं मिल पाएंगी। मोबाइल नंबर अपडेट करने का एक और बड़ा फायदा यह है कि इससे आपके डॉक्यूमेंट्स की सुरक्षा बढ़ जाती है। सही मोबाइल नंबर जुड़ा होने पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बदलाव की जानकारी तुरंत आपको मिल जाती है, जिससे आप समय रहते कार्रवाई कर सकते हैं।
कैसे अपडेट करें मोबाइल नंबर
वाहन चालकों को अपना मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए RTO जाने की जरूरत नहीं होगी। यह काम घर बैठे ही मोबाइल की मदद से किया जा सकता है। Vahan और Sarathi पोर्टल के माध्यम से यह प्रक्रिया बेहद आसान और तेज है। आपको केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी भरनी होगी और आपका मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा।

वाहन मालिकों और ड्राइविंग लाइसेंस धारकों के लिए जरूरी एडवाइजरी (Photo: X handle/@MORTHIndia)
वाहन चालक वाहन पोर्टल के लिए vahan.parivahan.gov.in/mobileupdate लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। लिंक पर क्लिक करने के बाद आपको Vehicle Registration No, Chassis No, Engine Number, Registration Date, Registration/Fitness Valid Upto Date की डिटेल्स भरनी होंगी। इन डिटेल्स को भरने के बाद कैप्चा कोड एंटर कर Validate के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
Sarathi पोर्टल के लिए sarathi.parivahan.gov.in लिंक पर क्लिक कर स्टेट सेलेक्ट करना होगा। इसके बाद Mobile Number Update पर क्लिक करना होगा। यहां लर्नर, ड्राइविंग लाइसेंस में से ऑप्शन को सेलेक्ट कर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
