UIDAI Biometric Lock: आज के डिजिटल दौर में भारतीय नागरिकों के लिए आधार कार्ड केवल पहचान पत्र नहीं, बल्कि बैंकिंग, मोबाइल सिम, सरकारी योजनाओं और कई ऑनलाइन सेवाओं के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट बन चुका है। ऐसे में आधार कार्ड की सुरक्षा भी बेहद महत्वपूर्ण है। क्या आप जानते हैं UIDAI की ओर से आधार कार्ड धारकों को Lock/Unlock Aadhaar की सुविधा दी जाती है। इस सुविधा के साथ आप अपनी पहचान पर डिजिटल लॉक लगा सकते हैं।
आधार लॉक-अनलॉक फीचर क्या है
क्या है Aadhaar Lock/Unlock सुविधा?
Lock Aadhaar का मतलब है कि आप अपने आधार नंबर को अस्थायी रूप से लॉक कर सकते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति आपकी अनुमति के बिना आधार का इस्तेमाल ऑथेंटिकेशन (जैसे बायोमेट्रिक या OTP वेरिफिकेशन) के लिए न कर सके। जब आपका आधार लॉक होता है, तो फिंगरप्रिंट, आईरिस या अन्य बायोमेट्रिक डाटा का उपयोग नहीं किया जा सकता। जरूरत पड़ने पर आप इसे दोबारा अनलॉक कर सकते हैं।
यह सुविधा क्यों जरूरी है?
कई बार आधार डाटा के दुरुपयोग की खबरें सामने आती हैं। अगर आपको लगता है कि आपका आधार नंबर कहीं साझा हो गया है या सुरक्षा को लेकर संदेह है तो आप तुरंत उसे लॉक कर सकते हैं। इससे अनधिकृत लेन-देन, फर्जी सिम जारी होना या बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी संभावनाएं कम हो जाती हैं।
आधार लॉक कैसे करें?
- UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट या mAadhaar ऐप पर जाएं।
- “Lock/Unlock Aadhaar” विकल्प चुनें।
- अपना आधार नंबर या वर्चुअल आईडी (VID) दर्ज करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को भरें।
- आधार सफलतापूर्वक लॉक हो जाएगा।
आधार अनलॉक कैसे करें?
अगर आपको किसी सेवा के लिए आधार ऑथेंटिकेशन की जरूरत है तो उसी प्रक्रिया के जरिए आप इसे अनलॉक कर सकते हैं। आप अस्थायी (Temporary Unlock) या स्थायी (Permanent Unlock) विकल्प चुन सकते हैं।
वर्चुअल आईडी (VID) का फायदा
UIDAI वर्चुअल आईडी (VID) का विकल्प भी देता है, जिससे आप अपना असली आधार नंबर साझा किए बिना सत्यापन कर सकते हैं। इससे गोपनीयता और बढ़ जाती है। वर्चुअल आईडी (VID) जेनरेट करना भी बेहद आसान है। आप इसे लॉक करने के प्रॉसेस में ही generate your VID पर क्लिक कर जेनरेट कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर और कैप्चा एंटर कर Send OTP पर क्लिक करना होगा। इसके अलावा, आप 1947 पर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से RVID XXXX टाइप कर सेंड कर सकते हैं। (यहां XXXX से मतलब आपके आधार नंबर की आखिरी चार डिजिट से है)। जैसे ही आप मैसेज सेंड करते हैं आपको UIDAI की ओर से एक टेक्स्ट मैसेज के साथ आपकी वर्चुअल आईडी (VID) भेज दी जाती है।
