3000 rs Annual FASTag Pass: देशभर में 15 अगस्त से एनुअल फास्टैग पास लागू हो रहा है, जिससे हाईवे यात्रा और आसान हो जाएगी। लेकिन अच्छी खबर यह है कि आप इसे 15 अगस्त से पहले भी खरीद सकते हैं। एनुअल पास लेने के बाद पूरे साल टोल प्लाजा पर बार-बार भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और पैसा दोनों बचेंगे।
क्या है एनुअल फास्टैग पास?
एनुअल फास्टैग पास एक साल के लिए टोल टैक्स भुगतान का समाधान है। इसके तहत एक बार 3000 रुपये का पास लेने पर पूरे साल NHAI के तहत आने वाले हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान अलग से टोल चुकाने की जरूरत नहीं पड़ती। इसमें आप 200 बार टोल पार कर सकते हैं। यानी 15 रुपये प्रति टोल के हिसाब से खर्च आएगा। यह खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो नियमित तौर पर हाईवे पर यात्रा करते हैं।
15 अगस्त से पहले कैसे करें बुकिंग?
अगर आप 15 अगस्त से पहले एनुअल फास्टैग पास लेना चाहते हैं तो NHAI की वेबसाइट या ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप पर जाकर प्री-बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के समय आपको गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, पहचान पत्र और एक्टिव फास्टैग अकाउंट की जानकारी देनी होगी।
पेमेंट और एक्टिवेशन प्रोसेस
प्री-बुकिंग करने के बाद 15 अगस्त के बाद उसी लिंक पर जाकर आप UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर सकते हैं। पेमेंट के बाद पास अपने आप आपके फास्टैग अकाउंट से लिंक हो जाएगा और तय अवधि तक वैध रहेगा। एक साल पूरे होने पर इसे रिन्यू कराना जरूरी होगा।
कहां-कहां मान्य होगा यह पास?
यह पास सिर्फ NHAI के तहत आने वाले नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर ही मान्य होगा। यानी, कुछ निजी एक्सप्रेसवे जैसे यमुना एक्सप्रेसवे पर यह सुविधा लागू नहीं होगी। सफर से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपका रूट इस पास के अंतर्गत आता है या नहीं।
