यूटिलिटी

गृहणियां बढ़ा सकती हैं घर की बचत! रोजमर्रा की ये 5 आदतें बचा सकती हैं हजारों रुपये

Homemaker Savings Tips: घर की महिलाओं की बचत बढ़ाने में अहम भूमिका होती है। अगर कुछ आदतों में बदलाव किया जाए तो महिलाएं अच्छी बचत कर सकती हैं।

Image

Homemaker Savings Tips (AI Generated Image)

Homemaker Savings Tips: घर का बजट संभालने में गृहणियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में जितना योगदान कमाने वाले व्यक्ति का होता है, उतना ही योगदान समझदारी से खर्च करने वाले व्यक्ति का भी होता है। अगर घर की गृहणियां छोटी-छोटी बचत की आदतें अपनाएं तो हर महीने अच्छी-खासी रकम बचा सकती हैं। यह बचत भविष्य में बच्चों की पढ़ाई, आपातकालीन जरूरतों या किसी बड़े वित्तीय लक्ष्य को पूरा करने में काम आ सकती है। इस आर्टिकल में 5 ऐसी बचत की आदतों के बारे में बता रहे हैं, जो अधिकांशतः गृहणियों के हाथ में होती हैं और जिनसे सालभर में हजारों रुपये बचाए जा सकते हैं।

खाने की बर्बादी रोकें

घर के बजट पर सबसे ज्यादा असर खाने-पीने के खर्च का पड़ता है। कई बार जरूरत से ज्यादा खाना बन जाता है या फ्रिज में रखा सामान खराब हो जाता है। अगर खाने की सही योजना बनाई जाए और बचा हुआ खाना समझदारी से इस्तेमाल किया जाए, तो हर महीने अच्छी रकम बचाई जा सकती है। साथ ही भोजन की बर्बादी भी कम होगी।

बिजली और पानी की बचत करें

बिजली और पानी के बिल को कम करने में गृहणियां बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। जरूरत न होने पर पंखे, लाइट और अन्य उपकरण बंद रखना, एलईडी बल्बों का इस्तेमाल करना और पानी की बर्बादी रोकना जैसी आदतें घरेलू खर्च को कम कर सकती हैं। इन छोटी कोशिशों से सालभर में हजारों रुपये की बचत संभव है।

ऑफर और डिस्काउंट का इस्तेमाल करें

ऑफर और छूट का लाभ लेना अच्छी बात है, लेकिन केवल डिस्काउंट देखकर अनावश्यक सामान खरीदना सही नहीं है। गृहणियां अगर जरूरत के अनुसार ऑफर का इस्तेमाल करें और थोक में वही सामान खरीदें जो नियमित रूप से इस्तेमाल होता है, तो घरेलू बजट पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

घर पर बने उत्पादों का इस्तेमाल करें

गृहणियां मसाले, स्नैक्स, अचार, पापड़, दही, टिफिन या घरेलू सफाई उत्पाद जैसी चीजें घर पर तैयार कर सकती हैं। बाजार से बार-बार तैयार सामान खरीदने की बजाय घर पर इन्हें बनाने से खर्च कम होता है और गुणवत्ता पर भी नियंत्रण रहता है। इससे हर महीने अच्छी-खासी बचत हो सकती है।

बचत की आदत बनाएं

कई गृहणियां घर के खर्च से थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर अलग रखती हैं। यह आदत आज भी बेहद प्रभावी मानी जाती है। चाहे राशि छोटी ही क्यों न हो, नियमित बचत समय के साथ एक अच्छा फंड तैयार कर सकती है। आज के समय में इस बचत को बैंक खाते, रिकरिंग डिपॉजिट (RD) या अन्य सुरक्षित निवेश विकल्पों में भी रखा जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article