यूटिलिटी

सिर्फ 10 मिनट में Swiggy से होगी गैस सिलेंडर की डिलीवरी, कनेक्शन की भी जरूरत नहीं

यदि आपको भी गैस सिलेंडर की समस्या हो रही है तो आपके लिए बड़ी खबर है। अब आप Swiggy Instamart से गैस सिलेंडर मंगा सकते हैं और वह भी सिर्फ 10 मिनट में।

Image

HP Gas कनेक्शन के बिना भी कर सकेंगे ऑर्डर

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर देश की पहली ऑन-डिमांड LPG गैस सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब खाना बनाने वाले गैस सिलेंडर को सीधे अपने घर पर ऑर्डर कर सकेंगे। फिलहाल यह सेवा बेंगलुरु में शुरू की गई है और आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा।

शुरुआत में 5 और 10 किलोग्राम के सिलेंडर होंगे उपलब्ध

कंपनी ने बताया कि शुरुआती चरण में ग्राहकों को 5 किलोग्राम का मेटल LPG सिलेंडर और 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर को इस सेवा में शामिल नहीं किया गया है।

HP Gas कनेक्शन के बिना भी कर सकेंगे ऑर्डर

इस सेवा की खास बात यह है कि सिलेंडर खरीदने के लिए ग्राहकों के पास पहले से HP Gas का कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। कोई भी ग्राहक Swiggy Instamart ऐप के जरिए सिलेंडर ऑर्डर कर सकता है। हालांकि, कंपनियों ने अभी इसकी कीमतों का खुलासा नहीं किया है।

ऐसे करें LPG सिलेंडर ऑर्डर

ग्राहक Swiggy Instamart ऐप पर जाकर 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम का LPG सिलेंडर चुनकर ऑर्डर कर सकते हैं। पहला ऑर्डर नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा। इसके बाद अगली बार गैस भरवाने (रिफिल) के लिए डिलीवरी के समय खाली HPCL सिलेंडर लौटाना होगा, जिसके बदले भरा हुआ सिलेंडर दिया जाएगा।

सुरक्षा नियमों के तहत होगी डिलीवरी

सभी सिलेंडरों की डिलीवरी HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के माध्यम से की जाएगी। प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मी निर्धारित सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन करते हुए सिलेंडर ग्राहक तक पहुंचाएंगे। पहली बार ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और डिलीवरी के समय आवश्यक दस्तावेज भी दर्ज किए जाएंगे।

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बढ़ा प्रोडक्ट पोर्टफोलियो

Swiggy Instamart पहले से ही किराना, फल-सब्जियां, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू जरूरत का सामान तेजी से डिलीवर करता है। HPCL के साथ इस नई साझेदारी के बाद प्लेटफॉर्म पर LPG गैस सिलेंडर भी उपलब्ध हो गए हैं। कंपनी का मानना है कि इससे ग्राहकों को गैस सिलेंडर की डिलीवरी पहले से अधिक सुविधाजनक और तेज तरीके से मिल सकेगी।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article