अपना घर खरीदना हर व्यक्ति का सपना होता है। हालांकि, पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए यह प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। सही बजट तय करने से लेकर कानूनी दस्तावेजों की जांच और होम लोन चुनने तक कई ऐसे फैसले होते हैं, जिनका असर लंबे समय तक पड़ता है। इसलिए घर खरीदने से पहले पूरी तैयारी करना बेहद जरूरी है। खुद का घर खरीदने जा रहे हैं तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है-
घर खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान (Photo: iStock)
घर खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान (Photo: iStock)
घर खरीदने का उद्देश्य
घर खरीदने से पहले यह स्पष्ट कर लें कि आप इसे खुद रहने के लिए खरीद रहे हैं या निवेश के उद्देश्य से खरीद रहे हैं। अगर घर में खुद रहना है तो ऑफिस, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सुविधाओं की दूरी पर ध्यान देना न भूलें। वहीं निवेश के लिए खरीद रहे हैं तो भविष्य में कीमत बढ़ने और किराये की संभावनाओं का आकलन जरूर करें।
वित्तीय स्थिति का सही आकलन
घर खरीदने से पहले अपनी आय, खर्च और मौजूदा कर्ज की स्थिति का विश्लेषण करें। यह समझना जरूरी है कि आप कितनी ईएमआई आराम से चुका सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ईएमआई इतनी होनी चाहिए कि बाकी वित्तीय जरूरतों पर दबाव न पड़े। डाउन पेमेंट, रजिस्ट्रेशन और अन्य खर्चों के लिए भी पहले से बचत करना जरूरी है।
क्रेडिट स्कोर पर विशेष ध्यान
होम लोन लेते समय क्रेडिट स्कोर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अच्छा क्रेडिट स्कोर होने पर बैंक कम ब्याज दर पर लोन देने को तैयार रहते हैं। इसलिए घर खरीदने की योजना बनाने से पहले अपना क्रेडिट स्कोर जांचें और यदि जरूरत हो तो उसे बेहतर बनाने की कोशिश करें।
अतिरिक्त खर्च न भूलें
कई खरीदार केवल घर की कीमत को ही अपना बजट मान लेते हैं, जबकि वास्तविक खर्च इससे काफी अधिक हो सकता है। स्टाम्प ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन शुल्क, लोन प्रोसेसिंग फीस, इंटीरियर, मेंटेनेंस डिपॉजिट और शिफ्टिंग जैसे खर्च कुल लागत में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकते हैं। इसलिए इन सभी खर्चों को पहले से ध्यान में रखना चाहिए।
कानूनी दस्तावेजों की जांच
घर खरीदने से पहले सभी कानूनी दस्तावेजों की जांच करना बेहद जरूरी है। प्रॉपर्टी का टाइटल स्पष्ट होना चाहिए और परियोजना की RERA रजिस्ट्रेशन स्थिति भी जांचनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर किसी कानूनी विशेषज्ञ की मदद लेना समझदारी भरा कदम हो सकता है।
घर का निरीक्षण
किसी भी प्रॉपर्टी को अंतिम रूप देने से पहले उसका निरीक्षण जरूर कराएं। संरचनात्मक मजबूती, बिजली व्यवस्था, प्लंबिंग, सीपेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच बाद की परेशानियों से बचा सकती है। कई अनुभवी खरीदारों और गृहस्वामियों का भी मानना है कि प्रोफेशनल होम इंस्पेक्शन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
