FASTag Annual Pass: निजी कार, जीप और वैन के लिए 3,000 रुपये का सालाना राजमार्ग टोल पास की व्यवस्था शुक्रवार से लागू हो जाएगी। सरकार ने फास्टैग-आधारित वार्षिक पास की बिक्री शुरू कर दी है। इससे उपयोगकर्ता एक वर्ष में 3,000 रुपये के एक बार रिचार्ज पर 200 राजमार्ग टोल बूथ को पार कर सकेंगे।
राजमार्ग यात्रा ऐप पर उपलब्ध
वार्षिक पास को सक्रिय करने के लिए अलग से एक लिंक राजमार्ग यात्रा ऐप पर उपलब्ध है। यह लिंक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा।
यह वार्षिक पास केवल गैर-वाणिज्यिक निजी वाहन जैसे कार, जीप और वैन के लिए लागू होगा। इससे टोल भुगतान के लिए फास्टैग कार्ड को बार-बार रिचार्ज किए बिना राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा संभव होगी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे राजमार्गों पर एक ही यात्रा में प्रवेश और निकास दोनों बिंदु शामिल होते हैं। इसका कारण टोल संग्रह केवल निकास बिंदुओं पर होता है। दूसरी ओर, दिल्ली-चंडीगढ़ जैसे खुले टोल मार्गों पर, प्रत्येक टोल प्लाजा क्रॉसिंग एक अलग यात्रा होगी।
एक साल में 200 ट्रिप
एक वर्ष में 200 ट्रिप की सीमा पूरी होने पर पास को फिर से रिचार्ज किया जा सकता है। मंत्रालय के अनुसार, जिन लोगों के वाहनों पर पहले से ही फास्टैग लगा है, उन्हें नया फास्टैग खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी।
वार्षिक पास केवल राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे शुल्क प्लाजा पर ही मान्य होगा।
राज्य सरकारों या स्थानीय निकायों द्वारा प्रबंधित एक्सप्रेसवे, राज्य राजमार्गों पर स्थित शुल्क प्लाजा पर, फास्टैग एक नियमित प्लाजा की तरह काम करेगा और वहां उपयोगकर्ता शुल्क लागू हो सकते हैं। फास्टैग इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह प्रणाली है। यह वाहन से जुड़े प्रीपेड खाते से टोल शुल्क स्वचालित रूप से काटने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) तकनीक का उपयोग करती है। सड़क परिवहन मंत्रालय की 2024 की समीक्षा के अनुसार, एक दिसंबर, 2024 तक 10.1 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए गए थे।
कैसे खरीदें एनुअल FASTag, जानें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
- ऐप या साइट पर जाएं: Google Play Store या App Store से राजमार्ग यात्रा (Rajmarg Yatra) ऐप डाउनलोड करें या फिर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से NHAI/MoRTH के आधिकारिक पोर्टल में लॉगिन करें। यदि लॉगिन नहीं करना चाहते, तो सीधे अपने वाहन का पंजीकरण नंबर और फास्टैग आईडी दर्ज करें। ये प्लेटफॉर्म सुरक्षित तरीके से फास्टैग सेवाओं तक पहुंच प्रदान करते हैं।
- पात्रता की जांच: एप या पोर्टल बैकएंड चेक के माध्यम से यह सुनिश्चित करेगा कि फास्टैग सक्रिय है, सही तरीके से वाहन से जुड़ा है, और सही वाहन पंजीकरण नंबर से लिंक है। साथ ही, यह भी जांच की जाएगी कि फास्टैग ब्लैकलिस्टेड न हो।
- भुगतान करें: सभी बैकएंड जांच पूरी होने के बाद, उपयोगकर्ताओं को विभिन्न फास्टैग रिचार्ज प्लान दिखाए जाएंगे। इनमें से 3,000 रुपये का वार्षिक पास विकल्प चुनना होगा। इसके बाद, उपयोगकर्ता को भुगतान विकल्प जैसे UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, या नेट बैंकिंग पर रीडायरेक्ट किया जाएगा। वार्षिक पास का भुगतान फास्टैग वॉलेट बैलेंस से नहीं किया जा सकता।
- वार्षिक पास लिंक करना: भुगतान सफल होने के बाद, वार्षिक पास मौजूदा फास्टैग खाते और वाहन पंजीकरण से लिंक कर दिया जाएगा। अंत में आपको को एसएमएस मिलेगा जिसमें बताया जाएगा कि उनका फास्टैग 15 अगस्त को सक्रिय हो जाएगा।
