Ministry of Power issued Notice: सोशल मीडिया पर विद्युत मंत्रालय के नाम से जारी किया गया एक नोटिस सर्कुलेट हो रहा है। इस नोटिस में लिखा है कि आपके बिजली का कनेक्शन आज रात 9 बजे काट दिया जाएगा क्योंकि आपके पिछले महीने का बिजली बिल अपडेट नहीं है। नोटिस में देवेश जोशी नाम के एक अधिकारी का जिक्र किया गया है और कहा गया है कि अगर आप अपने घर के बिजली का कनेक्शन नहीं कटवाना चाहते हैं तो देवेश जोशी से तुरंत संपर्क करें। नोटिस में एक मोबाइल नंबर भी दिया गया है और कहा गया है कि अगर आपके बिजली का बिल अपडेट नहीं है तो इस नंबर पर कॉल करके अपने बिजली का बिल तुरंत अपडेट करा लें।
बिजली का बिल अपडेट नहीं हुआ तो क्या कट जाएगा आपका कनेक्शन
सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहे इस नोटिस की वजह से लोगों में काफी हलचल शुरू हो गई है। दरअसल, बिजली के बिल में अपडेट करने जैसा कुछ खास नहीं होता, जिसकी वजह से बिजली का कनेक्शन कटने की नौबत आ जाती है। लेकिन जिन लोगों के पास भी ये नोटिस पहुंच रहा है, वे काफी चिंता में हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस नोटिस की पड़ताल शुरू हुई। सरकारी एजेंसी पीआईबी ने इस नोटिस को खंगालना शुरू कर दिया।
PIB Fact Check ने विद्युत मंत्रालय से किया संपर्क
PIB Fact Check ने इस पूरे मामले में विद्युत मंत्रालय से संपर्क किया और पता लगाने की कोशिश की कि ये नोटिस सही है या गलत। PIB Fact Check की पड़ताल में सारा सच सामने आ गया। PIB Fact Check ने बताया कि सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा ये नोटिस पूरी तरह से फर्जी है। PIB Fact Check ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट किया और बताया कि विद्युत मंत्रालय ने इस तरह का कोई भी नोटिस जारी नहीं किया है।
आपके पास आए ऐसा नोटिस तो क्या करें
पीआईबी फैक्ट चेक ने साथ ही लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी निजी और वित्तीय जानकारी शेयर न करें। अगर आपके पास भी इस तरह का कोई नोटिस आया है तो उसे बिल्कुल इग्नोर कर दें और किसी भी व्यक्ति के पास उसे फॉरवर्ड न करें।
