फ्रिज आज के समय में एक बेहद जरूरी होम अप्लायंस बन चुका है। गर्मी के सीजन में बिना फ्रिज के रह पाना बेहद मुश्किल है। ठंडे पानी से लेकर खाने-पीने की चीजों को ये सुरक्षित रखता है। फ्रिज में अक्सर एक कॉमन समस्या देखने को मिलती है कि फ्रीजर के चारो तरफ बर्फ की मोटी परत जम जाती है। कभी-कभी तो बर्फ इतनी ज्यादा हो जाती है कि फ्रिज को घंटों बंद रखना पड़ता है।
हाल ही में उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में फ्रीजर में बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बनने का मामला सामने आया। सोशल मीडिया में इस खबर ने जमकर सुर्खियां बटोरी। इतना ही नहीं खबर फैलने पर शिवलिंग के दर्शन करने के लिए भीड़ उमड़ने की बात भी सामने आई। दरअसल बर्फ से बनी इस आकृति को लोग अमरनाथ शिवलिंग से जोड़कर देख रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि फ्रीजर में आखिर किस वजह से चारों पर बर्फ की परत जम जाती है?
फ्रीजर में बर्फ का पहाड़ जमने से फ्रीजर में जगह काफी कम बचती है जिससे कई तरह की दिक्कतें होती है। फ्रीजर में जगह कम बचती है जिससे चीजें रखने में समस्या होती है। इसके अलावा बर्फ की मोटी परत बनने से कूलिंग भी कम होती है जिससे कंप्रेशर पर जोड़ पड़ता है और बिजली की खपत अधिक होती है। इसलिए अगर आप नया फ्रिज खरीद रहे हैं तो आपको कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस तरह के फ्रिज में होती है ये दिक्कत
सबसे पहले आपको बता दें कि किस तरह की फ्रिज के फ्रीजर में चारो तरफ बर्फ जमने की समस्या आती है। आने देखा होगा कि कुछ फ्रिज में पीछे की तरफ जाली दी जाती है और कुछ फ्रिज पीछे से पूरी तरह से पैक होते हैं। जिन फ्रिज में पीछे जाली मौजूद होती है वे डायरेक्ट कूलिंग फ्रिज कहलाते हैं। बता दें कि इस टेक्नोलॉजी पर काम करने वाले फ्रिज, फ्रीजर की बॉडी में जमने वाली बर्फ को आटोमैटिकली नहीं पिघला पाते हैं और धीरे-धीरे चारों तरफ बर्फ का पहाड़ बन जाता है। ऐसे फ्रिज में कंपनियां एक डीफ्रॉस्ट का बटन देती है जिसे बदाने पर फ्रिज जरूरत से ज्यादा बर्फ को बनने से रोकता है।
इस फ्रिज में नहीं होती है दिक्कत
अगर आप एक नया फ्रिज खरीद रहे हैं तो आपको फ्रॉस्ट फ्री फ्रिज खरीदना चाहिए। ऐसे फ्रिज में फ्रीजर की बॉडी में जमने वाली बर्फ अपने आप ही पिघल जाती है। फ्रॉस्ट फ्रिज में आपको कभी भी जरूरत से ज्यादा बर्फ या फिर शिवलिंग जैसी आकृति वाली बर्फ नहीं दिखाई देगी।
फ्रीजर में ज्यादा बर्फ क्यों जमती है?
फ्रीजर में बर्फ जमने की सबसे बड़ी वजह गर्म हवा का अंदर जाना है। जब बार-बार फ्रिज का दरवाजा खोला जाता है या वह ठीक से बंद नहीं होता, तो बाहर की नमी अंदर पहुंच जाती है। यही नमी ठंडी होकर बर्फ में बदल जाती है।
इसके अलावा, अगर फ्रिज का डोर गैस्केट (रबर) खराब हो जाए, तो भी बाहर की हवा अंदर आने लगती है और बर्फ तेजी से जमने लगती है। गर्म या बिना ढके हुए खाने को सीधे फ्रीजर में रखने से भी नमी बढ़ती है, जिससे बर्फ बनने की संभावना अधिक हो जाती है।
खरीदारी के समय रखें खास ध्यान
सही क्षमता का फ्रिज लें: परिवार के सदस्यों की संख्या के अनुसार फ्रिज का साइज चुनें। जरूरत से छोटा या बहुत बड़ा फ्रिज लेने से परेशानी हो सकती है।
अच्छी एनर्जी रेटिंग देखें: फ्रिज की खरीदारी करते समय आपको स्टार रेटिंग का भी खास ध्यान रखना चाहिए। जिस फ्रिज में स्टार रेटिंग अधिक होगी उसमें बिजली की खपत भी कम होगी और इससे बिल कम आएगा।
डोर सील की गुणवत्ता जांचें: फ्रिज खरीदते समय दरवाजे की रबर सील अच्छी तरह जांच लें। मजबूत सील ठंडी हवा को बाहर नहीं निकलने देती और बर्फ जमने की समस्या भी कम होती है।
वारंटी और सर्विस पर ध्यान दें: ऐसे ब्रांड का फ्रिज चुनें जिसकी सर्विस आसानी से उपलब्ध हो और वारंटी भी अच्छी मिले।
