EPFO EDLI Scheme New Rules 2025: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 237वीं बैठक में Employees' Deposit Linked Insurance (EDLI) योजना में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। ये संशोधन उन कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए हैं, जो सेवा के दौरान आकस्मिक रूप से निधन हो जाते हैं।
क्या है EDLI योजना?
EDLI योजना कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) का हिस्सा है और इसे एक सामाजिक सुरक्षा लाभ के रूप में लागू किया गया है। इस योजना के तहत यदि किसी EPF सदस्य की सेवा के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उनके परिजनों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
EDLI योजना में हुए महत्वपूर्ण बदलाव
1. न्यूनतम बीमा लाभ
पहले, यदि कोई कर्मचारी अपनी पहली साल की सेवा के दौरान ही निधन हो जाता था, तो परिवार को बीमा राशि नहीं मिलती थी। लेकिन नए नियमों में-
- ₹50,000 का न्यूनतम बीमा लाभ मिलेगा।
- इससे हर साल 5,000 से अधिक परिवारों को फायदा होगा।
EPFO ने कहा कि "यदि कोई EPF सदस्य बिना एक साल की निरंतर सेवा पूरी किए निधन हो जाता है, तो उसके परिवार को न्यूनतम ₹50,000 की बीमा राशि दी जाएगी।"
2. नॉन-कॉन्ट्रिब्यूटरी पीरियड के बाद भी मिलेगा लाभ
पहले, यदि किसी EPF सदस्य की मृत्यु उस अवधि में होती थी, जब उन्होंने EPF में योगदान नहीं दिया था, तो उनके परिवार को बीमा लाभ नहीं मिलता था।
अब नया नियम लागू: यदि कोई कर्मचारी आखिरी योगदान के छह महीने के भीतर निधन हो जाता है और उनका नाम कंपनी की रोल से हटाया नहीं गया है, तो उनके परिवार को EDLI का लाभ मिलेगा।
3. सेवा निरंतरता को लेकर राहत
पहले, नौकरी बदलते समय यदि बीच में कुछ दिन का गैप होता था, तो उसे निरंतर सेवा नहीं माना जाता था। इससे परिवार को न्यूनतम ₹2.5 लाख से लेकर ₹7 लाख तक के लाभ से वंचित होना पड़ता था।
अब नया नियम लागू
यदि दो नौकरियों के बीच दो महीने तक का अंतर है, तो भी इसे निरंतर सेवा माना जाएगा और परिवार को EDLI लाभ मिलेगा। इस बदलाव से हर साल 1,000 से अधिक परिवारों को फायदा मिलेगा।
नए नियमों से लाखों कर्मचारियों को होगा लाभ
EPFO के इन बदलावों से कर्मचारियों के परिवारों को अधिक सुरक्षा मिलेगी। खासकर उन मामलों में जहां कर्मचारी नौकरी बदलते समय या EPF योगदान में रुकावट के कारण लाभ पाने से वंचित हो जाते थे।
