यूटिलिटी

PMJDY अभियान का असर, 15 दिन में खुले 1.4 लाख से ज्यादा नए जनधन अकाउंट

Pradhan Mantri Jan Dhan Yojana: डीएफएस ने प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) जैसी प्रमुख योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 1 जुलाई से 30 सितंबर तक तीन महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है।

Image

image-istock

Pradhan Mantri Jan Dhan Yojana: एक जुलाई से अब तक लगभग 1.4 लाख नए प्रधानमंत्री जन धन योजना खाते खोले गए और तीन जन सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 5.4 लाख से अधिक नए नामांकन किए जा चुके हैं। यह जानकारी वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस) की ओर से दी गई।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, डीएफएस ने प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) जैसी प्रमुख योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 1 जुलाई से 30 सितंबर तक तीन महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है।

वित्त मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य सभी ग्राम पंचायतों (जीपी) और शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में व्यापक कवरेज प्राप्त करना है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक पात्र नागरिक इन परिवर्तनकारी योजनाओं का लाभ उठा सके।

अभियान के तहत एक जुलाई से अबतक, प्रमुख योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों के नामांकन को सुगम बनाने और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जिलों में कुल 43,447 शिविर आयोजित किए गए हैं। अब तक 31,305 शिविरों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है।

सरकारी विभाग ने बताया कि यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा, जिसमें लगभग 2.70 लाख ग्राम पंचायतों (जीपी) और शहरी स्थानीय निकायों को शामिल किया जाएगा। यह अभियान औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक पहुंच के माध्यम से अंतिम छोर तक वित्तीय सशक्तिकरण सुनिश्चित करने और सामाजिक-आर्थिक समावेशन को बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सरकार की इन पहलों का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं से वंचित व्यक्तियों को मुख्यधारा की बैंकिंग के दायरे में लाना है, जिससे समावेशी और सतत आर्थिक विकास को बल मिलेगा। इससे पहले वित्त मंत्रालय ने एक बयान जारी करके स्पष्ट किया था कि सरकार ने बैंकों को निष्क्रिय प्रधानमंत्री जन धन योजना खातों को बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। वित्तीय सेवा विभाग ने बयान जारी कर कहा, "उसने बैंकों से निष्क्रिय प्रधानमंत्री जन धन योजना खातों को बंद करने के लिए नहीं कहा है।"

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकार ने प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत आने वाले ऐसे खातों को बंद करने का निर्देश दिया है, जिसमें पिछले 24 महीनों में कोई लेनदेन नहीं हुआ है। पीएमजेडीवाई की वेबसाइट के अनुसार, इस योजना के अब तक 55.76 करोड़ लाभार्थी हैं और इनके खातों में कुल 2,61,142.63 करोड़ रुपए जमा है।

इनपुट- आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article