यूटिलिटी

बढ़ती महंगाई से हैं परेशान? इन 10 आदतों को बदलकर हर महीने बचाएं 5,000 रुपये

Financial Habit Changes: कुछ छोटी-छोटी आदतों में बदलाव किया जाए तो हर महीने 4-5 हजार रुपये तक की बचत की जा सकती है।

Image

Financial Habit (Photo: iStock)

Financial Habit Changes: क्या आप जानते हैं बढ़ती महंगाई के इस दौर में अगर आप अपनी छोटी-छोटी आदतों को बदल दें तो हर महीने 5000 रुपये तक की बचत की सकती है। यानी आप हर साल 60 हजार रुपये तक की बचत कर सकते हैं। इस आर्टिकल में आपको उन 10 आदतों के बारे में ही जानकारी दे रहे हैं, जिन्हें बदलकर आप पैसा बचा सकते हैं-

बाहर खाना खाना

अगर आप हफ्ते में दो-तीन बार बाहर खाना खाते हैं, तो यह खर्च महीने में हजारों रुपये तक पहुंच सकता है। घर का खाना न केवल बाहर के मुकाबले सस्ता पड़ता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर है। महीने में सिर्फ दो-तीन बार बाहर खाने की आदत कम कर अच्छी बचत की जा सकती है।

ऑनलाइन शॉपिंग

सेल और डिस्काउंट के नाम पर कई बार लोग ऐसी चीजें खरीद लेते हैं, जिनकी वास्तव में जरूरत नहीं होती। खरीदारी से पहले "जरूरत" और "इच्छा" के बीच अंतर समझना जरूरी है। इससे अनावश्यक खर्च काफी कम हो सकता है।

बिजली की बचत

कमरे से निकलते समय पंखे, लाइट और अन्य उपकरण बंद करने की आदत डालें। ऊर्जा दक्ष (Energy Efficient) उपकरणों का इस्तेमाल करने से बिजली का बिल कम किया जा सकता है।

सब्सक्रिप्शन रिव्यू

कई लोगों के पास एक से ज्यादा OTT, म्यूजिक या अन्य डिजिटल सब्सक्रिप्शन होते हैं, जिनका पूरा इस्तेमाल नहीं होता। ऐसे अनावश्यक सब्सक्रिप्शन बंद कर हर महीने अच्छी-खासी रकम बचाई जा सकती है।

आय और खर्च का रिकॉर्ड

हर महीने आय और खर्च का रिकॉर्ड रखें। बजट बनाने से पता चलता है कि पैसा कहां खर्च हो रहा है और कहां कटौती की जा सकती है।

कैशबैक और रिवॉर्ड

UPI, क्रेडिट कार्ड और डिजिटल वॉलेट पर मिलने वाले कैशबैक और रिवॉर्ड का फायदा उठाएं, लेकिन केवल ऑफर के लिए अतिरिक्त खर्च करने से बचें।

पेट्रोल की बचत

छोटी दूरी के लिए पैदल चलना, साइकिल का इस्तेमाल करना या सार्वजनिक परिवहन अपनाना पेट्रोल और वाहन रखरखाव के खर्च को कम कर सकता है।

खरीदारी को टालना

किसी वस्तु को खरीदने से पहले खुद को 24 घंटे का समय दें। कई बार थोड़े समय बाद महसूस होता है कि उस चीज की वास्तव में जरूरत नहीं थी।

लिस्ट बना कर शॉपिंग

बिना सूची के खरीदारी करने पर लोग अक्सर जरूरत से ज्यादा सामान खरीद लेते हैं। पहले से सूची तैयार करने से खर्च नियंत्रित रहता है।

पे योअरसेल्फ फर्स्ट

सैलरी मिलते ही एक निश्चित राशि अलग बचत खाते या निवेश योजना में डाल दें। इसे पहले खुद को भुगतान (Pay Yourself First) की रणनीति कहा जाता है और यह बचत बढ़ाने का प्रभावी तरीका माना जाता है।

हर साल 50 हजार से ज्यादा की बचत

अगर इन 10 आदतों से औसतन प्रतिमाह 4,000 से 5,000 रुपये की बचत होती है तो सालभर में यह राशि 48,000 से 60,000 रुपये तक पहुंच सकती है। इस पैसे को बचाकर इसे किसी सुरक्षित निवेश विकल्प या SIP में लगाया जाए, तो लंबे समय में इससे और बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article