यूटिलिटी

Budget Travel Guide: गर्मी की छुट्टियों में ऐसे प्लान करें अपना ट्रिप, बचेंगे हजारों रुपये!

अगर आप भी गर्मियों में किसी खूबसूरत सी जगह घूमने चाह रहे हैं तो कम बजट में अपना ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इसके लिए कुछ टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।

Image

Budget Travel Tips (AI Generated Image)

गर्मी की छुट्टियां आते ही हर किसी का घूमने-फिरने का मन होने लगता है। कई लोग पहाड़ों, समुद्र तटों या किसी नए शहर घूमने का सपना देखते हैं। हालांकि, बढ़ते होटल किराए, महंगे हवाई टिकट और अन्य खर्चों को देखकर कई बार लोग अपनी यात्रा टाल देते हैं। अच्छी बात यह है कि थोड़ी सी प्लानिंग और समझदारी से आप कम बजट में भी शानदार ट्रिप का आनंद ले सकते हैं। अगर आप इस गर्मी में घूमने और साथ ही अपने खर्चों को भी नियंत्रित रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान टिप्स आपके बहुत काम आ सकती हैं।

एडवांस प्लानिंग

बजट ट्रैवल की शुरुआत अच्छी प्लानिंग से होती है। घूमने की तारीख, डेस्टिनेशन और अनुमानित खर्च पहले से तय कर लें। अंतिम समय में टिकट और होटल बुक करने पर अक्सर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं। अगर आप कुछ हफ्ते या महीने पहले बुकिंग कर लेते हैं, तो बेहतर कीमत मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

ऑफ-बीट डेस्टिनेशन

पॉपुलर टूरिस्ट प्लेस पर सीजन के दौरान काफी भीड़ और ऊंची कीमतें देखने को मिलती हैं। ऐसे में आप कम चर्चित लेकिन खूबसूरत जगहों को चुन सकते हैं। कई ऑफ-बीट डेस्टिनेशन प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण प्रदान करते हैं, जबकि वहां रहने और खाने का खर्च भी कम होता है।

परिवहन का सही विकल्प

घूमने का बड़ा हिस्सा आने-जाने पर खर्च होता है। अगर संभव हो तो ट्रेन, वोल्वो बस या शेयरिंग व्हीकल का इस्तेमाल करें। कई बार पहले से बुकिंग करने पर ट्रेन और बस टिकट काफी किफायती मिल जाते हैं। अगर ग्रुप में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो कैब शेयर करने से भी खर्च कम हो सकता है।

होटल की जगह दूसरे विकल्प

हर बार महंगे होटल में ठहरना जरूरी नहीं है। गेस्ट हाउस, होमस्टे, हॉस्टल और बजट होटल अच्छे विकल्प हो सकते हैं। कई होमस्टे लोकल एक्सपीरियंस भी प्रदान करते हैं और उनका किराया सामान्य होटलों की तुलना में कम होता है।

स्थानीय भोजन

टूरिस्ट प्लेस पर स्थित महंगे रेस्तरां आपकी जेब पर भारी पड़ सकते हैं। इसके बजाय, स्थानीय भोजनालयों और छोटे रेस्तरां को सेलेक्ट करें। इससे न केवल पैसे बचेंगे, बल्कि आपको उस क्षेत्र के असली स्वाद का अनुभव भी मिलेगा।

अनावश्यक खरीदारी

घूमने के दौरान लोग अक्सर ऐसी चीजें खरीद लेते हैं, जिनकी वास्तव में जरूरत नहीं होती। स्मृति चिह्न और स्थानीय वस्तुएं खरीदना अच्छा है, लेकिन बजट को ध्यान में रखते हुए ही खर्च करें। अनियोजित खरीदारी घूमने के खर्च को काफी बढ़ा सकती है।

कम लागत वाली एक्टिविटी

कई टूरिस्ट प्लेस पर ऐसे आकर्षण होते हैं, जिनके लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता या बहुत कम शुल्क लगता है। प्राकृतिक स्थल, ट्रेकिंग रूट, स्थानीय बाजार, पार्क और सांस्कृतिक कार्यक्रम कम खर्च में अच्छा एक्सपीरियंस दे सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article