यूटिलिटी

BPCL Bharatgas Lite ZIP लॉन्च, अब मिनटों में मिलेगा नया LPG कनेक्शन और फास्ट डिलीवरी

अब आपको गैस सिलेंडर लेने में परेशानी होती है तो आपके लिए अच्छी खबर है। BPCL Bharatgas Lite ZIP सर्विस लॉन्च हो गई है। इसके तहत तुरंत गैस कनेक्शन और सिलेंडर मिलेगा।

Image

फिलहाल मुंबई में शुरू, जल्द 100 शहरों तक पहुंचेगी सेवा

घरेलू LPG सिलेंडर लेने और उसकी डिलीवरी का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब नया गैस कनेक्शन लेने के लिए लंबी प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने Bharatgas Lite ZIP नाम से नई प्रीमियम LPG सेवा लॉन्च की है। कंपनी का दावा है कि इस सेवा के जरिए ग्राहकों को इंस्टेंट नया गैस कनेक्शन और एक्सप्रेस सिलेंडर डिलीवरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

क्या है Bharatgas Lite ZIP?

BPCL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संजय खन्ना ने इस नई सेवा की शुरुआत की। Bharatgas Lite ZIP को कंपनी के Bharatgas Lite Composite Cylinder के साथ पेश किया गया है। यह सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का, जंग-रोधी और आधुनिक डिजाइन वाला है।

कंपनी के अनुसार, इस सिलेंडर में गैस का लेवल देखने के लिए ट्रांसलूसेंट (पारदर्शी) बॉडी, अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स और आसान हैंडलिंग जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। इसे खास तौर पर तज़ रफ्तार शहरी जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

फिलहाल मुंबई में शुरू, जल्द 100 शहरों तक पहुंचेगी सेवा

BPCL ने फिलहाल Bharatgas Lite ZIP की शुरुआत मुंबई से की है। कंपनी का लक्ष्य है कि 15 अगस्त 2026 तक इसे 24 राज्यों के 100 और शहरों में उपलब्ध कराया जाए। इससे देशभर के अधिक उपभोक्ताओं को प्रीमियम LPG सेवा का लाभ मिल सकेगा।

LPG सेक्टर में बढ़ी तेज डिलीवरी की होड़

BPCL की यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब कुछ दिन पहले HPCL ने Swiggy Instamart के साथ मिलकर ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की थी। इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु में की गई है, जहां ग्राहक क्विक कॉमर्स ऐप के जरिए गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं।

इस साझेदारी के तहत HPCL ने 10 किलोग्राम का HP Navya Composite Cylinder भी पेश किया है। इसकी खास बात यह है कि नया सिलेंडर मंगाने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। इससे छात्र, नौकरीपेशा लोग और छोटे परिवार भी आसानी से गैस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

आम ग्राहकों को क्या मिलेगा फायदा?

नई सेवाओं के आने से गैस कनेक्शन लेना पहले की तुलना में कहीं आसान और तेज हो सकता है। इंस्टेंट कनेक्शन, तेज डिलीवरी और हल्के कंपोजिट सिलेंडर जैसी सुविधाएं खासकर शहरों में रहने वाले लोगों, छोटे परिवारों और किराए के मकानों में रहने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं।

अब तीनों सरकारी कंपनियों के बीच बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

BPCL की Bharatgas Lite ZIP और HPCL की नई सेवा के बाद अब देश की तीनों प्रमुख सरकारी तेल विपणन कंपनियां (OMCs) प्रीमियम और क्विक-डिलीवरी LPG सेवाओं पर फोकस कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में ग्राहकों को तेज डिलीवरी, आसान कनेक्शन और बेहतर डिजिटल सुविधाओं के और विकल्प देखने को मिल सकते हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article