Bank of Maharashtra: पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) ने होम लोन पर ब्याज दर 0.15 प्रतिशत घटाकर 8.35 प्रतिशत कर दिया है। ग्राहकों को नए साल की पेशकश के तहत ब्याज में कमी की गई है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने बयान में कहा कि होम लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस में भी कटौती की गई है। बैंक ने कहा कि कम ब्याज दर और होम लोन प्रोसेसिंग शुल्क की छूट का दोहरा लाभ अपने सभी ग्राहकों को बेहतर वित्तपोषण समाधान प्रदान करने और उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद करने की बैंक की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सबसे कम ब्याज दर
मौजूदा उच्च ब्याज दर परिदृश्य में बैंक ग्राहकों के लिए चीजें सुगम बनाने को लेकर खुदरा कर्ज सस्ता कर रहा है। इस ऑफर को पेश करके, बैंक होम लोन के लिए बैंकिंग उद्योग में सबसे कम ब्याज दरों में से एक की पेशकश कर रहा है। बैंक ने पहले ही अपने 'न्यू ईयर धमाका ऑफर' के तहत होम, कार और खुदरा गोल्ड लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस माफ कर दी है।
बैंक ने ब्याज दर में कटौती उस वक्त की है, जब रिजर्व बैंक ने अपनी रेपो रेट में लंबे समय बदलाव नहीं किया है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) द्वारा पांचवीं बार रेपो रेट को 6.5 फीसदी पर अपरिवर्तित रखा है।
बैंक का कारोबार
एक अलग डेवलपमेंट में बैंक ऑफ महाराष्ट्र का कुल कारोबार वित्त वर्ष 24 की तीसरी तिमाही में 4.35 लाख करोड़ तक पहुंच गया, जो कि एक साल पहले की अवधि की तुलना में 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
