Bank Account: बैंकिंग से संबंधित नियमों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जुलाई 2024 में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने बैंकिंग नियमों में बदलाव के लिए एक विधेयक (Banking Laws Amendment Bill) पेश करने की बात कही थी। बुधवार, 04 दिसंबर 2024 को संसद में यह विधेयक पेश किया गया है। इस विधेयक के माध्यम से सरकार बैंक की गवर्नेंस को ज्यादा मजबूती प्रदान करना चाहती है। इस विधेयक में बैंकिंग से संबंधित नियमों में जरूरी बदलाव देखने को मिल सकते हैं जो आम आदमी को प्रभावित करेंगे। आइये जानते हैं कि अब बैंक के नियमों में क्या बदलाव हो सकते हैं।
4 नॉमिनी और हिस्सेदारी
अब आम आदमी अपने बैंक अकाउंट में 4 नॉमिनी जोड़ सकता है। इतना ही नहीं, खाताधारक चाहे तो अलग-अलग नॉमिनी के लिए हिस्सेदारी भी तय कर सकता है। उदाहरण के लिए मान लीजिये कि आप अपने माता, पिता, भाई और बहन को बैंक अकाउंट में नॉमिनी बनाते हैं। आप तय कर सकते हैं कि बैंक अकाउंट में मौजूद रकम का कितना-कितना हिस्सा माता, पिता और भाई-बहन को मिलेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिलहाल बैंक अकाउंट का एक ही नॉमिनी बनाया जा सकता है।
और क्या कुछ बदला
बैंकिंग नियम विधेयक (Banking Laws Amendment Bill) में प्रस्तावित अन्य बदलावों में बैंकों की स्वतंत्रता भी एक महत्त्वपूर्ण पहलू है। इस विधेयक के माध्यम से बैंक, ऑडिटर की सैलरी खुद से तय कर पायेंगे। इतना ही नहीं, RBI के साथ बैंकों की फाइनेंस डेटा की सूचना देने की तारीख में बदलाव का प्रस्ताव भी विधेयक में शामिल है। फिलहाल बैंकों को अपने फाइनेंशियल डेटा की जानकारी हर महीने के दूसरे और चौथे शुक्रवार को देनी होती है। प्रस्ताव के अनुसार बैंक अब हर महीने की 15वीं और आखिरी तारीख को यह सूचना साझा कर पाएंगे।
