Ayushman Bharat Yojana: केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ा दिया है। सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के तहत 70 साल और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 5 लाख रुपये तक के हेल्थ कवरेज की मंजूरी दी है। बीते दिन हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने यह फैसला लिया। बुजुर्गों को इस स्कीम के लिए अलग से कार्ड बनाकर दिया जाएगा। साथ ही सरकार ने कहा कि किसी भी आय वर्ग के 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग इस स्कीम का लाभ ले सकेंगे।
बनेगा अलग हेल्थ कवरेज कार्ड
70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य देखभाल कवरेज के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत एक अलग कार्ड मिलेगा। जो लोग पहले से ही इस स्कीम के तहत कवर हैं, उन्हें विशेष रूप से अपने परिवार के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप मिलेगा।
जो वरिष्ठ नागरिक अन्य पब्लिक हेल्थ इंश्योरेंस का पहले से ही लाभ ले रहे हैं वो या तो अपनी मौजूदा कवरेज को जारी रख सकते हैं या फिर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के विकल्प को चुन सकते हैं। इस योजना से चार करोड़ परिवार में रहने वाले छह करोड़ बुजुर्गों को लाभ मिलेगा।
परिवार के कितने लोग स्कीम में हो सकते हैं शामिल
केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना में एक परिवार के कितने भी लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, यह जरूरी है कि सदस्यों को इस स्कीम के लिए पात्र होना चाहिए। एक परिवार के कितने लोग आयुष्मान भारत स्कीम में शामिल हो सकते हैं, इसको लेकर सरकार ने किसी भी तरह की कोई लिमिट नहीं लगाई है। इस योजना में पात्र परिवारों के सभी सदस्यों को शामिल किया गया है, चाहे उनकी आयु कुछ भी हो।सबसे जरूरी यह समझना है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब एक परिवार को इलाज के लिए कितना हेल्थ कवरेज मिलेगा। मान लीजिए कि आपका पांच लोगों का परिवार है और इनमें एक बुजुर्ग सदस्य शामिल हैं, जिनकी उम्र 70 साल से अधिक है। ऐसे में परिवार के कुल चार लोगों को इलाज के लिए हेल्थ कवरेज 5 लाख रुपये का मिलेगा और बुजुर्ग को अलग से 5 लाख रुपये का कवरेज मिलेगा। बुजर्ग को मिलने वाला कवरेज परिवार के कवरेज में शामिल नहीं होगा।
जो परिवार पहले से आयुष्मान भारत स्कीम के दायरे में हैं, उन्हें 70 पार के वरिष्ठ नागरिकों के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक का एडीशनल कवर मिलेगा। हालांकि, इसका इस्तेमाल बुजुर्ग सदस्य के अलावा परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं कर सकेगा।
सरकारी कर्मचारियों के पास क्या है ऑप्शन
70 वर्ष या उससे अधिक आयु के अन्य सभी वरिष्ठ नागरिकों को परिवार के आधार पर प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक जो पहले से ही केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), आयुष्मान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) जैसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, वे या तो अपनी मौजूदा योजना में बने रह सकते हैं या एबी पीएमजेएवाई का विकल्प चुन सकते हैं। मतलब यह कि सरकारी कर्मचारियों को दोनों में से किसी एक स्कीम को चुनना होगा।
यह स्पष्ट किया गया है कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक जो निजी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों या कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत हैं, वे एबी पीएम-जेएवाई के तहत लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे।
PMJAY के लिए आवेदन कैसे करें
- PMJAY की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं https://pmjay.gov.in/
- 'Am I eligible' टैब पर क्लिक करके पात्रता की जांच करें।
- अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करें।
- एक बार पात्र पाए जाने पर आपको आवेदन पेज पर रीडायरेक्ट किया जाएगा।
- नए रजिस्ट्रेशन या आवेदन पर क्लिक करें आवश्यक डिटेल्स भरें।
- सुनिश्चित करें कि आपने अपना आधार नंबर दर्ज किया हो।
- अन्य दस्तावेजों के साथ आधार और अपने राशन कार्ड की स्कैन की गई कॉपियां अपलोड करें।
- इसके बाद सबमिट पर क्लिक करें।
- संबंधित अधिकारियों द्वारा आपकी डिटेल्स को वेरिफाई और मंजूरी दिए जाने के बाद आपको आयुष्मान भारत योजना कार्ड मिल जाएगा।
