पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना (Annapurna Yojana) के तहत आवेदन करने वाली लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिन आवेदकों का आवेदन किसी गलती या दस्तावेजों में किसी तरह की गलती के कारण खारिज हो गया है, उन्हें अब दोबारा नया आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार जल्द ही पोर्टल पर एक नया Edit विकल्प शुरू करने की तैयारी में है, जिसके जरिए रिजेक्ट हुए आवेदक अपनी गलतियों को सुधारकर उसी आवेदन को दोबारा जमा कर सकेंगे।
क्यों लाया जा रहा है नया 'Edit' विकल्प?
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, अन्नपूर्णा योजना के तहत अब तक करीब 1.6 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 1.2 करोड़ आवेदन मंजूर किए जा चुके हैं, जबकि करीब 27.8 लाख आवेदन अलग-अलग वजहों से अस्वीकार कर दिए गए। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में आवेदन पात्रता के अभाव में नहीं, बल्कि आधार, मोबाइल नंबर और दूसरी जानकारियों में तकनीकी गलतियों के कारण रिजेक्ट हुए थे। इसी समस्या को दूर करने के लिए सरकार पोर्टल पर एडिट सुविधा जोड़ने की तैयारी कर रही है।
किन कारणों से रिजेक्ट हुए आवेदन?
अधिकारियों का कहना है कि कई आवेदकों ने आधार से लिंक मोबाइल नंबर की जगह दूसरा नंबर दर्ज कर दिया था। कुछ मामलों में अलग-अलग सरकारी योजनाओं में अलग-अलग मोबाइल नंबर इस्तेमाल किए गए, जबकि कई आवेदनों में एक ही मोबाइल नंबर कई लोगों के लिए दर्ज था। इन विसंगतियों के कारण वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और आवेदन अस्वीकार हो गए। नए एडिट विकल्प के जरिए आवेदक रिजेक्शन का कारण देख सकेंगे और संबंधित जानकारी में सुधार कर पाएंगे।
एडिट सुविधा कैसे करेगी काम?
सरकार की योजना के मुताबिक, जिन लोगों का आवेदन रिजेक्ट हुआ है, वे पोर्टल (annapurna yojana online portal) पर लॉग इन कर अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे। अगर आवेदन अस्वीकार हुआ है, तो पोर्टल पर उसका कारण भी दिखाई देगा। इसके बाद आवेदक गलत जानकारी को ठीक कर उसी आवेदन को फिर से सबमिट कर सकेंगे। इससे उन्हें पूरी आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू नहीं करनी पड़ेगी और समय की भी बचत होगी।
क्या है अन्नपूर्णा योजना
अन्नपूर्णा योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं।
