Annadata Sukhibhava Yojana: एन चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार ने शनिवार को 'अन्नदाता सुखीभव' योजना (Annadata Sukhibhava Scheme) के तहत 47 लाख किसानों को 7,000-7,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति वर्ष तीन किस्तों में कुल 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
योजना की शुरुआत और बांटे गए प्रतीकात्मक चेक
चंद्रबाबू नायडू सरकार द्वारा साझा किए गए वीडियो लिंक के मुताबिक 3,174 करोड़ रुपये की राज्यव्यापी पहल की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से दो किसानों को चेक सौंपे। साथ ही, उन्होंने दारसी विधानसभा क्षेत्र के लिए 29 करोड़ रुपये का विशेष चेक भी प्रदान किया।
पहली किस्त की शुरुआत पूर्वी वीरयापलेम गांव से
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक मुख्यमंत्री नायडू ने प्रकाशम जिले के दारसी मंडल स्थित पूर्वी वीरयापलेम गांव में योजना की पहली किस्त का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना को किसानों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्य और केंद्र दोनों का संयुक्त योगदान
शनिवार को बांटे गए 7,000 रुपये में से 5,000 रुपये आंध्र प्रदेश सरकार ने 'अन्नदाता सुखीभव' योजना के तहत दिए, जबकि शेष 2,000 रुपये केंद्र सरकार की ‘पीएम-किसान’ (PM KISAN) योजना के तहत प्रदान किए गए। इस योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार कुल 6,000 रुपये और राज्य सरकार 14,000 रुपये देती है, जिससे पात्र किसानों को प्रति वर्ष 20,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।
वित्तीय आवंटन: राज्य और केंद्र की हिस्सेदारी
पहली किस्त के लिए राज्य सरकार ने 2,343 करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन किया है, जबकि केंद्र सरकार ने 831 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य राज्य के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
चुनावी वादों का हिस्सा है यह योजना
‘अन्नदाता सुखीभव’ योजना (Annadata Sukhibhava Yojana) नायडू द्वारा 2024 के चुनावों में किए गए प्रमुख वादों में से एक है। यह उनके ‘सुपर सिक्स’ चुनावी वादों का हिस्सा है, जिसमें शामिल हैं। प्रत्येक परिवार को प्रति वर्ष तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर, स्कूल जाने वाले प्रत्येक बच्चे के लिए 15,000 रुपये की सालाना सहायता, 19 से 59 वर्ष की महिलाओं व अन्य पात्र व्यक्तियों के लिए 1,500 रुपये मासिक सहायता।
