Aadhar Card Online Updation on UIDAI Portal for Free: आप अपने आधार कार्ड के डिटेल्स को मुफ्त में अपडेट कर सकते हैं। यह काम आपको ऑनलाइन करना होगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 14 जून तक ऑनलाइन मुफ्त में आधार दस्तावेज को अपडेट करने की सुविधा दी है। यह जानकारी बुधवार (15 मार्च, 2023) को एक आधिकारिक बयान में दी गई।
आधिकारिक बयान के अनुसार, ''यूआईडीएआई ने निवासियों को अपने आधार दस्तावेजों को मुफ्त में ऑनलाइन अपडेट करने की अनुमति देने का फैसला किया है। इस कदम से लाखों लोगों को फायदा होगा। मुफ्त सेवा अगले तीन महीनों के लिए - यानी 15 मार्च से 14 जून, 2023 तक उपलब्ध है।''
हालांकि, बयान में कहा गया है कि यह सेवा केवल आधार पोर्टल पर मुफ्त है। भौतिक आधार केंद्रों पर पहले की तरह 50 रुपए का शुल्क देना जारी रहेगा। दरअसल, इससे पहले तक लोगों को आधार पोर्टल पर अपने डिटेल्स में फेरबदल करने के लिए 25 रुपए का भुगतान करना पड़ता था।
आधार नामांकन और अद्यतन विनियम, 2016 के अनुसार आधार संख्या धारक आधार के लिए नामांकन की तारीख से प्रत्येक 10 साल पूरे होने पर अपने सहायक दस्तावेजों को कम से कम एक बार अपडेट कर सकते हैं।
