भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत देते हुए मुफ्त ऑनलाइन आधार दस्तावेज अपडेट सुविधा की समयसीमा एक वर्ष के लिए बढ़ा दी है। अब लोग myAadhaar पोर्टल के माध्यम से अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज 14 जून 2027 तक बिना किसी शुल्क के अपडेट कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा 14 जून 2026 तक उपलब्ध थी। UIDAI ने इसके बारे में एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी है।
किन लोगों को मिलेगा मुफ्त सेवा का लाभ?
यह मुफ्त सुविधा उन आधार धारकों के लिए उपलब्ध है जो myAadhaar पोर्टल के जरिए पहचान प्रमाण (Proof of Identity) और पते के प्रमाण (Proof of Address) से जुड़े दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना चाहते हैं। UIDAI लंबे समय से लोगों को अपने आधार रिकॉर्ड अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, खासकर उन लोगों को जिन्होंने करीब 10 वर्ष पहले आधार बनवाया था और तब से अपने दस्तावेज अपडेट नहीं किए हैं। इससे आधार डेटाबेस की सटीकता बनाए रखने में मदद मिलती है, हालांकि यह सुविधा केवल ऑनलाइन अपडेट के लिए ही मुफ्त है। आधार नामांकन केंद्र (Aadhaar Enrolment Centre) पर जाकर किए गए अपडेट के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
घर बैठे ऐसे करें आधार अपडेट
आधार धारक myAadhaar पोर्टल के माध्यम से भी अपने दस्तावेज अपडेट कर सकते हैं। सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाएं और अपने आधार नंबर तथा OTP की मदद से लॉगिन करें। इसके बाद अपनी पहचान और पते की जानकारी सत्यापित करें। फिर पहचान और पते के प्रमाण के लिए आवश्यक दस्तावेज चुनें और उन्हें JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट में अपलोड करें। अंत में आवेदन ऑनलाइन सबमिट कर दें। ध्यान रखें कि अपलोड की जाने वाली फाइल का आकार 2MB से कम होना चाहिए।
कौन-से अपडेट ऑनलाइन नहीं किए जा सकते?
UIDAI ने स्पष्ट किया है कि कुछ बदलाव अब भी आधार नामांकन केंद्र पर जाकर ही कराए जा सकते हैं। इनमें बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटो अपडेट शामिल हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर अपडेट, लिंग (Gender) में सुधार और जन्म तिथि में बदलाव जैसी सेवाएं भी मुफ्त ऑनलाइन अपडेट सुविधा के दायरे में नहीं आती हैं।
mAadhaar ऐप जल्द होगा बंद
आपको याद दिला दें कि UIDAI ने हाल ही में बताया है कि मौजूदा mAadhaar ऐप को जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। आधार धारकों को नए Aadhaar ऐप का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। नए ऐप में QR-आधारित आधार शेयरिंग, बेहतर प्राइवेसी कंट्रोल और आधार सेवाओं तक आसान पहुंच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
आधार अपडेट रखना क्यों है जरूरी?
आधार की जानकारी समय-समय पर अपडेट रखने से सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और पहचान सत्यापन से जुड़ी प्रक्रियाओं का लाभ लेने में आसानी होती है। पुरानी या गलत जानकारी होने पर कई बार आधार प्रमाणीकरण में समस्या आ सकती है, जिससे विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने में देरी हो सकती है। ऐसे में UIDAI की यह मुफ्त ऑनलाइन सुविधा आधार धारकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
