ट्रेन में कंबल और चादर को लेकर लोग अक्सर शिकायत करते हैं, लेकिन इस बार रेलवेने दुर्गा पूजा के खास अवसर पर इस शिकायत को दूर कर दिया है। दुर्गा पूजा के त्योहार पर पूर्वी रेलवे ने यात्रियों के सफर को ज्यादा आरामदायक और खास बनाने के लिए नई पहल की है। साथ ही यह पहला मौका है जब रेलवे ने इस तरह का इंतजाम किया है।
सामान्य कंबल की जगह मिलेंगे प्रीमियम कंफर्टर/Photo- x.com/EasternRailway
11 अक्टूबर 2026 से हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों को सामान्य कंबल की जगह प्रीमियम फ्लोरल कंफर्टर दिए जाएंगे। कंफर्टर, पूरी तरह से दोहर तो नहीं होता लेकिन दोहर जैसा होता है। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर आराम के साथ सफर का एक खास अनुभव देना है।
सामान्य कंबल की जगह मिलेंगे प्रीमियम कंफर्टर
पूर्वी रेलवे के मुताबिक, हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब खास डिजाइन वाले फ्लोरल कंफर्टर उपलब्ध कराए जाएंगे। इनका उद्देश्य यात्रा के दौरान यात्रियों को आराम और लग्जरी का एहसास देना है। दुर्गा पूजा के मौके पर शुरू की गई इस पहल से राजधानी एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
हर राउंड ट्रिप के बाद होगी सफाई और सैनिटाइजेशन
रेलवे ने कंफर्टर की स्वच्छता का भी खास ध्यान रखा है। यात्रियों के इस्तेमाल के बाद हर राउंड ट्रिप पर इन्हें अच्छी तरह धोया और सैनिटाइज किया जाएगा। इससे साफ-सफाई बनाए रखने और यात्रियों को स्वच्छ बिस्तर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
त्योहार के मौसम में बेहतर सफर का अनुभव
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और परिवारों के पास पहुंचने के लिए रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में रेलवे की यह पहल यात्रियों के सफर को ज्यादा आरामदायक बनाने की दिशा में एक कदम है। प्रीमियम फ्लोरल कंफर्टर की सुविधा फिलहाल हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी यात्रियों के लिए शुरू की गई है।
