Gold Investment: 10 में 7 भारतीय लोग गोल्ड को इन्वेस्टमेंट का सुरक्षित ऑप्शन मानते हैं। साथ ही लोगों ने यह भी बताया है कि सोने में इन्वेस्ट करने से उनकी बचत करने की आदत पर सकारात्मक असर हुआ है। यह जानकारी एक सर्वे रिपोर्ट में दी गई है। मनीव्यू (Moneyview) के मुताबिक, "सर्वे में भाग लेने वाले कुल 3,000 लोगों में से 85% लोगों का मानना है कि वेल्थ क्रिएट करने के लिए सोना एक जरूरी एसेट है। गोल्ड का लगातार जबरदस्त रिटर्न देना और मार्केट में हमेशा इसकी वैल्यू बने रहना जैसे कारण इसके पीछे मौजूद प्रमुख कारण हैं।" सर्वे में आगे बताया गया कि 25 से 40 वर्ष के निवेशक फिजिकल के साथ डिजिटल तरीके से भी सोने में निवेश कर रहे हैं। यह उनकी रिटायरमेंट और लंबी-अवधि की सेविंग्स प्लानिंग का हिस्सा है।
फिजिकल से ज्यादा डिजिटल
आज के डिजिटल युग में निवेश के लिए सोने की तरफ अधिक रुझान होने की वजह से टेक प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से सोने में निवेश के अवसर मिलना है। सर्वे में आगे बताया गया कि शुद्धता की गारंटी, बीमाकृत भंडारण, एसआईपी विकल्पों की उपलब्धता और आसानी से निवेश के कारण भी डिजिटल तरीके से लोग सोने में निवेश कर रहे हैं। सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, 35 वर्ष से कम उम्र वाले 75% लोग सोने में निवेश के लिए फिजिकल की अपेक्षा डिजिटल को अधिक महत्व दे रहे हैं। इसकी वजह तरलता और निवेश की आसान सुविधा होना है।
डिजिटल गोल्ड बन रहा पसंदीदा
सर्वे में भाग लेने वाले लोगों में से 50% से अधिक का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आंशिक मात्रा में सोना खरीदने की क्षमता सबसे आकर्षक सुविधाओं में से एक है, जो उन्हें अपनी निवेश आदतों को बदलने के लिए प्रेरित करती है। सर्वे में शामिल लगभग 65 प्रतिशत मिलेनियल्स ने इसकी पहुंच और सुविधा में आसानी के कारण डिजिटल सोने को प्राथमिकता दी। मनीव्यू की मुख्य व्यवसाय अधिकारी सुषमा अब्बुरी ने कहा कि डिजिटल गोल्ड लोगों के सोने में निवेश करने के तरीके को बदल रहा है। आसानी से पहुंच, सुरक्षित और कम वैल्यू में निवेश जैसी सुविधाओं के कारण लोगों का इसकी तरफ रुझान बढ़ रहा है।
