Places to visit in March From Delhi: हर मौसम में हर जगह की अपनी अलग खूबसूरती होती है। अच्छी ताजा हवा, ठंडे मौसम और आपाधापी से एक ब्रेक की जरूरत अगर आपका मन हिल स्टेशन की ओर मोड़ रही है तो कोई बात नहीं हम आपके लिए दिल्ली से सबसे नजदीक के कुछ हिल स्टेशनों की लिस्ट लेकर आए हैं। तो बस सारी जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी वीकेंड में समय निकाल कर पहुंच जाइए इन खास जगहों पर।
Hill Stations Near Delhi Weekend Trip ke Liye
1. लैंसडाउन
दिल्ली से करीब 250 किलोमीटर दूर पड़ने वाले इस खास हिल स्टेशन एक शांत और सुंदर जगह है। साढ़े पांच घंटे के समय में यहां पहुंचा जा सकता है। मार्च का महीना लैंसडाउन घूमने के लिए अच्छा समय है क्योंकि इस समय फूल खिल रहे होते हैं और मौसम तरोताजा रहता है। इस समय टिप-इन-टॉप व्यूपॉइंट से शिवालिक के पहाड़ों का खूबसूरत नजारा दिखता है। प्राकृतिक सुंदरता से भरा और चीड़-देवदार के घने जंगलों के बीच बसी यह जगह प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए परफेक्ट है।
2. ऋषिकेश
हिमालय की गोद में बसा ऋषिकेश केवल एक हिल स्टेशन ही नहीं, बल्कि आध्यात्म, योग और एडवेंचर का केंद्र भी है। गंगा नदी के किनारे बसा यह शहर अपनी शुद्ध और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। मार्च में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव भी होता है, जो दुनिया भर से लोगों को आकर्षित करता है। लक्ष्मण झूला, राम झूला और त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती का दिव्य अनुभव यहां की सबसे खास बातों में से एक है। ऋषिकेश एडवेंचर लवर्स के लिए भी परफेक्ट डेस्टिनेशन है, यहां रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग और ट्रेकिंग जैसी एक्टिविटीज का आनंद लिया जा सकता है। दिल्ली से 240 किलोमीटर की दूरी पर पड़ने वाली इस जगह मात्र चार से साढ़े चार घंटे में पहुंचा जा सकता है।
3. धनोल्टी
मसूरी के पास बसा धनोल्टी एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है, जो अपनी बर्फीली चोटियों, घने देवदार और ओक के जंगलों के लिए जाना जाता है। अगर आप भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति की गोद में सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो यह जगह परफेक्ट है। मार्च में यहां का मौसम ठंडा और तरोताजा करने वाला होता है। यहां ईको पार्क, सुरकंडा देवी मंदिर और आलू फार्म घूमने लायक मुख्य जगहें हैं। अगर रोमांच पसंद है तो यहां की सुंदर पहाड़ियों में ट्रेकिंग और कैंपिंग का आनंद ले सकते हैं। दिल्ली से धनोल्टी की दूरी करीब 290 किलोमीटर पड़ेगी।
4. नैनीताल
नैनीताल उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में स्थित एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। मार्च में यहां का मौसम साफ और ठंडा रहता है। यहां की हरी-भरी पहाड़ियां, ठंडी हवा और झील में पड़ती सूरज की किरणें इसे किसी सपने जैसा सुंदर बना देती हैं। नैना देवी मंदिर, स्नो व्यू पॉइंट, टिफिन टॉप और भवाली जैसे स्थान यहां की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। यहां बोटिंग, ट्रेकिंग और कैफे में बैठकर पहाड़ियों का नजारा देखना सबसे बेहतरीन काम हैं। दिल्ली से ये करीब 290 किलोमीटर है, जहां 6 घंटे में पहुंचा जा सकता है।
