Hot Water Springs Of India: प्राकृतिक रूप से किसी कुंड या तालाब में आने वाला गर्म पानी मन में कौतूहल तो पैदा करता ही है साथ ही इसमें नहाने का मजा बिलकुल जकूजी जैसा महसूस होता है। अगर आपकी कभी ऐसी किसी जगह जाने की प्लानिंग हो तो हम आपको कुछ जगहें बताते हैं, जो अपने गर्म पानी के सोतों के लिए मशहूर हैं। ये कई बार अपने धार्मिक और ऐतिहासिक कारणों से प्रसिद्ध होते हैं लेकिन इन हॉट वॉटर स्प्रिंग में कई औषधीय खूबियां भी होती हैं। आइए देखते हैं कुछ जगहें।
मणिकरण गर्म पानी का कुंड: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित मणिकरण गर्म पानी का झरना भारत के सबसे प्रसिद्ध और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण झरनों में से एक है। यह झरना पार्वती नदी के किनारे स्थित है और यह स्थान हिंदू और सिख दोनों के लिए पवित्र माना जाता है। यह झरना मणिकरण साहिब गुरुद्वारा और राम मंदिर के पास स्थित है, जिससे यह धार्मिक और पर्यटन दोनों लिहाज से है। मणिकरण पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा भुंतर है, जो यहां से लगभग 35 किलोमीटर दूर है। कसौल से मणिकरण तक टैक्सी और बस आसानी से उपलब्ध हैं।
तप्त कुंड: बद्रीनाथ धाम के पास स्थित तप्त कुंड एक धार्मिक और प्राकृतिक रूप से खास गर्म पानी का कुंड है। यह कुंड अलकनंदा नदी के किनारे है और यहां स्नान करना आध्यात्मिक रूप से पवित्र माना जाता है। यह बद्रीनाथ मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित है। माना जाता है कि इसमें स्नान करने से त्वचा संबंधी रोग ठीक हो जाते हैं। तप्त कुंड पहुंचने के लिए निकटतम हवाई अड्डा देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है। ऋषिकेश से बद्रीनाथ तक बस और टैक्सी सेवाएं उपलब्ध हैं।
वज्रेश्वरी गर्म पानी का कुंड: मुंबई से लगभग 75 किलोमीटर दूर सह्याद्री पहाड़ियों की तलहटी में बसे वज्रेश्वरी में स्थित ये गर्म पानी का कुंड अपने चिकित्सीय गुणों के लिए प्रसिद्ध हैं। झरने का पानी कई मिलरल्स से भरपूर होता है, जो गठिया और त्वचा रोगों के लिए लाभकारी होता है। यह सोता वज्रेश्वरी देवी मंदिर के पास स्थित है, जो इस स्थान को धार्मिक महत्व प्रदान करता है। इसके अलावा भी यहां पर कई छोटे-छोटे गर्म पानी के कुंड हैं जहां लोग स्नान कर सकते हैं। यहां स सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन वसई रोड है, जहां से वज्रेश्वरी तक बस और टैक्सी उपलब्ध हैं।
