यात्रा

लद्दाख जैसा नजारा, लेकिन बिहार में! जानिए क्यों 'मिनी लद्दाख' के नाम से मशहूर है यह जगह

बिहार के गया के पास स्थित जेठियन वैली अपनी चट्टानी पहाड़ियों और शांत प्राकृतिक नजारों की वजह से 'बिहार का मिनी लद्दाख' कहलाती है। कम बजट, शानदार रोड ट्रिप के लिए इस ऑफबीट लोकेशन पर जरूर जाएं।

Image

Mini Ladakh Of Bihar

जब भी लद्दाख का नाम आता है, दिमाग में ऊंचे-ऊंचे पहाड़, घुमावदार सड़कें और दूर-दूर तक फैले सुनहरे चट्टानी नजारे घूमने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा ही अहसास आपको बिहार में भी मिल सकता है? बिहार के गया जिले के पास मौजूद जेठियन वैली (Jethiyan Valley) आजकल सोशल मीडिया पर 'बिहार का मिनी लद्दाख' के नाम से तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

यहां की चट्टानी पहाड़ियां, घुमावदार सड़कें और मनमोहक नजारे लोगों को पहली नजर में ही आकर्षित कर लेते हैं। खास बात यह है कि यहां पहुंचने के लिए न तो लंबी छुट्टियों की जरूरत है और न ही बहुत बड़ा बजट। अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और अलग जगह की तलाश में हैं, जहां तस्वीरें भी शानदार आएं और प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल भी मिलें, तो जेठियन घाटी आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

आखिर क्यों कहा जाता है 'मिनी लद्दाख'?

जेठियन वैली का दृश्य बाकी बिहार से काफी अलग दिखाई देता है। यहां दूर तक फैली चट्टानी पहाड़ियां, हल्के भूरे रंग के स्लोप और उनके बीच से गुजरती सड़कें ऐसा दृश्य बनाती हैं कि कई लोगों को लद्दाख की याद आ जाती है। यही वजह है कि यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे प्यार से 'मिनी लद्दाख' कहना शुरू कर दिया।

यहां की सबसे बड़ी खूबी क्या है?

जेठियन वैली बिहार की काफी अंडररेटेड जगहों की लिस्ट में शामिल है। यहां बड़े-बड़े मॉल, भीड़भाड़ या शोर-शराबा नहीं मिलेगा। ऐसे में अगर आप प्रकृति को करीब से देखना चाहते हैं, खुले आसमान, पहाड़ों के बीच चलती हवा और शांत माहौल में कुछ दिन गुजारना चाहते हैं, तो यहां आने का प्लान बना लें। हालांकि इस उम्मीद से यहां न आएं, कि ये जगह बिल्कुल की लद्दाख की कॉपी होगी।

कैसे जाएं जेठियान

यात्रा का माध्यमकैसे पहुंचें?अनुमानित दूरी/समय
हवाई मार्गसबसे नजदीकी एयरपोर्ट गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। एयरपोर्ट से टैक्सी या कैब लेकर सीधे जेठियान पहुंच सकते हैं।लगभग 25-30 किमी, 45-60 मिनट
ट्रेन मार्गसबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन गया जंक्शन है। स्टेशन से टैक्सी, ऑटो या स्थानीय कैब आसानी से मिल जाती है।लगभग 20-25 किमी, 40-50 मिनट
बस मार्गपटना, राजगीर, नवादा और बिहार के कई शहरों से गया के लिए नियमित बसें चलती हैं। गया बस स्टैंड से टैक्सी या ऑटो लेकर जेठियान जा सकते हैं।गया से 20-25 किमी
कार/रोड ट्रिपअगर अपनी कार से जा रहे हैं, तो पटना–गया–जेठियान मार्ग सबसे सुविधाजनक है। सड़क अच्छी है और रास्ते में पहाड़ी नजारे यात्रा को और खूबसूरत बना देते हैं।पटना से लगभग 110-120 किमी, 3-3.5 घंटे

मेरी पर्सनल टिप आपके लिए

अब क्योंकि जेठियन घाटी, घूमने फिरने के लिए प्राकृतिक क्षेत्र है। इसलिए आपको जरूर ही यहां की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। प्लास्टिक या खाने-पीने का कचरा यहां-वहां न फेंकें। ट्रिप पर जा रहे हैं, तो आरामदायक जूते पहनें, पानी साथ रखें और मौसम के अनुसार कपड़े लेकर जाएं। अगर बारिश के मौसम में जा रहे हैं, तो सड़क की स्थिति की जानकारी पहले से लेना बेहतर रहेगा।

ट्रेवल मैप पर आगे आया बिहार

लंबे समय तक बिहार को केवल ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन के नजरिए से देखा जाता रहा, लेकिन अब राज्य के कई प्राकृतिक स्थल भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। जेठियन वैली इसका एक अच्छा उदाहरण है। यह बताती है कि किसी जगह की खूबसूरती सिर्फ ऊंचे पहाड़ों या बर्फ से नहीं, बल्कि उसके अनोखे प्राकृतिक स्वरूप और शांत माहौल से भी पहचानी जाती है।
Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article