Thailand Tourism: यदि आप इस साल थाईलैंड की खूबसूरत बीच, रंगीन नाइटलाइफ और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड का आनंद लेने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। थाईलैंड ने भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा को जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि इस सुविधा के साथ एक अहम बदलाव भी किया गया है, जिसे जानना हर यात्री के लिए जरूरी है। अब भारतीय नागरिक बिना वीजा के थाईलैंड तो जा सकेंगे, लेकिन उनके रुकने की अधिकतम अवधि 60 दिन से घटाकर 30 दिन कर दी गई है। तो अब थाईलैंड जाने से पहले आपको ये नियम (Thailand Visa Free Entry) जरूर जान लेना चाहिए।
क्या है वीजा का नया नियम
थाईलैंड जा रहे भारतीय पर्यटक अभी तक वीजा-फ्री व्यवस्था के तहत वहां 60 दिनों तक रह सकते थे। नए नियम के अनुसार यह अवधि घटाकर 30 दिन कर दी गई है। यानी अगर आपकी यात्रा एक महीने से अधिक की है, तो आपको पहले से जरूरी वीजा प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं 30 दिन या उससे कम की छुट्टियों की योजना बनाने वाले यात्रियों के लिए पहले की तरह बिना वीजा यात्रा का रास्ता खुला रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: दिल्ली के पास वीकेंड ट्रिप के लिए बेस्ट जगह, खर्चा सिर्फ 3000 रुपए
क्यों लिया गया यह फैसला
थाईलैंड के पर्यटन मंत्री सुरासाक फानचारोएनवोराकुल के अनुसार, यह फैसला भारतीय पर्यटकों के यात्रा व्यवहार और देश की पर्यटन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हाल के दिनों में वीजा नियमों में संभावित बदलाव की खबरों के कारण भारतीय पर्यटकों की संख्या में कुछ गिरावट देखी गई थी। ऐसे में सरकार ने वीजा-फ्री सुविधा को जारी रखते हुए केवल ठहरने की अवधि में बदलाव किया है, ताकि पर्यटन भी प्रभावित न हो और व्यवस्था भी संतुलित बनी रहे।
क्यों थाईलैंड घूमने जाते हैं भारतीय
थाईलैंड लंबे समय से भारतीय टूरिस्ट की पसंदीदा इंटनेशनल डेस्टिनेशन में शामिल रहा है। बैंकॉक की चहल-पहल, फुकेट और क्राबी के समुद्री तट, पटाया की नाइटलाइफ, चियांग माई की सांस्कृतिक विरासत और शानदार शॉपिंग भारतीय पर्यटकों को खासा आकर्षित करती है। इसके अलावा हनीमून कपल्स, फैमिली ट्रिप, दोस्तों के साथ छुट्टियां या फिर सोलो ट्रैवल हर तरह के यात्रियों के लिए थाईलैंड एक किफायती और यादगार टूरिस्ट डेस्टनेशन माना जाता है। यही वजह है कि चीन और मलेशिया के बाद भारतीय टूरिस्ट के लिए थाईलैंड पसंदीदा देश बन चुका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: कंगना रनौत के दौरे के बाद चर्चा में बिजली महादेव मंदिर
इन देशों को भी मिलेगा फ्री वीजा का फायदा
फ्री वीजा यह नया नियम केवल भारतीय नागरिकों पर ही लागू नहीं होगा। इसके तहत क्रोएशिया, बुल्गारिया, साइप्रस, माल्टा और मालदीव के नागरिक भी अब 30 दिनों तक वीजा-फ्री एंट्री का लाभ उठा सकेंगे। थाईलैंड का सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में पर्यटन और सुरक्षा की जरूरतों को देखते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा की जा सकती है।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप थाईलैंड घूमने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी ट्रिप की अवधि 30 दिनों के भीतर रखें। इसके अलावा पासपोर्ट की वैधता, वापसी की टिकट, होटल बुकिंग और अन्य आवश्यक यात्रा दस्तावेज पहले से तैयार रखें। यदि आपका प्रवास 30 दिनों से अधिक का है, तो यात्रा से पहले संबंधित वीजा के लिए आवेदन करना बेहतर रहेगा।
