यात्रा

Surajkund Mela 2025: सूरजकुंड मेला 2025 कब से शुरू होगा, कहां से कितने की मिलेगी टिकट, जानें सबसे बड़े शिल्‍प मेले के बारे में सब कुछ

Surajkund Mela 2025 Date and Ticket: हरियाणवी संस्कृति और शिल्पकारों की पहचान के लिए 38 साल पहले फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले की शुरुआत हुई थी, आज दुनिया भर में इस मेले की चर्चा रहती है। फरवरी के महीने में लगने वाले इस खास मेले में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। अगर आपको भी भारत की सांस्कृतिक विविधता आकर्षित करती है, तो ये सूरजकुंड का मेला आपके लिए ही है। आइए हम बताते हैं सूरजकुंड मेला 2025 की थीम, सूरजकुंड मेला कैसे पहुंचें और टिकट से जुड़ी सारी जानकारियां।

Image

surajkund mela 2025 dates

Surajkund Mela 2025 Date and Ticket: हरियाणा के फरीदाबाद में फरवरी के पहले पखवाड़े में लगता है, विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड मेला। इस अंतरराष्ट्रीय मेले का यह 38वां साल होगा। पहली बार सूरजरकुंड मेला 1987 में लगा था। इस मेले में हरियाणवी संस्कृति की खास विरासत तो दिखती ही है लेकिन इसको खास बनाती है इसकी थीम। ये शिल्प कला यानी क्राफ्ट पर आधारित होती है। इंटरनेशनल स्तर के इस मेले के पास दुनिया का सबसे बड़ा शिल्प मेला होने का तमगा है। इसमें ढोल-नगाड़ों की आवाजों के बीच हरियाणा समेत पूरे भारत की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की उम्दा झलक देखने को मिलती है।

Surajkund Mela 2025 Dates

इस बार सूरजकुंड मेला 7 फरवरी से लग रहा है, जो 23 फरवरी तक चलेगा। अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट कैलेंडर में अहम स्थान रखने वाले इस मेले के दौरान दस लाख से अधिक पर्यटक आते हैं, जिसमें अच्छी-खासी संख्या में विदेशी टूरिस्ट भी होते हैं। शिल्प में अगर रुचि रखते हैं तो हम आपको बताते हैं इससे जुड़ी सारी जानकारियां।

Surajkund Mela 2025 Theme States

इस बार सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में उड़ीसा व मध्यप्रदेश थीम स्टेट हैं और बिम्सटेक, बांग्लादेश, भूटान, इंडिया, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका व थाईलैंड जैसे देश भागीदार हैं। मेले का कल्चरल पार्टनर नॉर्थ ईस्ट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन है, साथ ही इस बार टिकटिंग पार्टनर दिल्ली मेट्रो रहने वाला है। इस साल यह मेला महाकुंभ की तर्ज पर शिल्प महाकुंभ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें विश्व भर के शिल्पकार अपने क्राफ्ट का प्रदर्शन करेंगे।

Surajkund Mela 2025 Ticket Price

सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक के रोजाना सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन होगा। इसके लिए टिकट सभी प्रमुख ऑनलाइन बुकिंग प्लैटफॉर्मों और यहां तक कि आयोजन स्थल पर भी आसानी से उपलब्ध हैं। मेले की साइट www.surajkundmela.co.in पर भी टिकट खरीदा जा सकता है। इस बार मेले का टिकट वीकडेज पर 120 रुपए और वीकेंड के दिनों में 180 रुपए होगा। मेट्रो स्टेशन पर भी टिकट की सुविधा दी जाएगी। स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए सप्ताह के दिनों में टिकट राशि पर 50% की छूट मिलेगी। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और सैनिकों के टिकट पर भी 50% की छूट मिलेगी।

How To reach Surajkund Mela 2025 Faridabad

फरीदाबाद के पास लक्कड़पुर और बहारपुर गांव के बीच में खूबसूरत सूरजकुंड गांव बसा है। यह दक्षिण दिल्ली से सड़क के रास्ते केवल 8 किलोमीटर और नई दिल्ली शहर के केंद्र से 20 किलोमीटर दूर है। यहां से नजदीकी हवाई अड्डा इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है , जो 25 किलोमीटर दूर है। सबसे करीब का रेलवे स्टेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, जो 22 किलोमीटर है। इस बार मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन पर फीडर बस सेवा उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई जा रही है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article