यात्रा

इस बार बच्चों की समर वेकेशन को बनाएं यादगार, आज ही बना लें इन ठंडी जगहों पर घूमने का प्लान

Summer Vacation Destination: गर्मी की छुट्टियां आते ही बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिलता है। वहीं जब ट्रिप प्लान हो जाए तो ये उत्साह और बढ़ जाता है। यदि आप इस बार गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को कहीं घुमाना चाहते हैं, तो इन जगहों पर ले जाने का प्लान बनाएं।

Image

गर्मियों में बच्चों को कहां घुमाने ले जाएं

Summer Vacation Destination: गर्मियों की छुट्टियां आते ही बच्चों में उत्साह तो होता है, लेकिन कुछ ही दिनों में अब क्या करें? वाला सवाल घर में गूंजने लगता है। ऐसे में अगर आप इस समर वेकेशन को यादगार बनाना चाहते हैं, तो बच्चों के साथ ठंडी और खूबसूरत जगहों की सैर का प्लान बनाना सबसे अच्छा विकल्प हो सकता है। पहाड़ों की ठंडी हवाएं, हरियाली और एडवेंचर से भरी ये जगहें बच्चों की बोरियत को पलभर में दूर कर देंगी। आज हम आपको 5 ऐसी जगहों के बारे में बताएंगे जहां जाकर आपके बच्चों की छुट्टियां यादगार बन जाएंगी।

दार्जिलिंग

दार्जिलिंग बच्चों के साथ समर वेकेशन बिताने के लिए बेहद खास जगह है, खासकर अगर उन्हें ट्रेनों का शौक है। यहां की प्रसिद्ध टॉय ट्रेन पहाड़ों, सुरंगों और हरियाली से भरे चाय बागानों के बीच से गुजरती है, जो सफर को रोमांचक और यादगार बना देती है। यह अनुभव बच्चों को किसी परीकथा जैसा लगता है। दार्जिलिंग का ठंडा और सुहावना मौसम गर्मी से राहत देने के साथ-साथ पूरे परिवार को सुकून देता है।

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क बच्चों के साथ एडवेंचर से भरी छुट्टियां बिताने के लिए एक शानदार जगह है, खासकर अगर उन्हें वाइल्डलाइफ पसंद है। यहां जंगल के बीच खुली जीप में सफारी करना अपने आप में रोमांचक अनुभव होता है। घने जंगलों में घूमते हुए बच्चे हिरण, हाथी, जंगली पक्षियों और किस्मत अच्छी हो तो रॉयल बंगाल टाइगर को भी देख सकते हैं।

मनाली

मनाली गर्मियों की छुट्टियों के लिए एक परफेक्ट और हमेशा पसंद किया जाने वाला डेस्टिनेशन है। यहां सोलंग वैली और रोहतांग पास जैसी जगहों पर बच्चे असली बर्फ के बीच खेल सकते हैं, स्नोमैन बना सकते हैं और यादगार पल बिता सकते हैं। थोड़े बड़े बच्चों के लिए यहां पैराग्लाइडिंग, जोर्बिंग और रोपवे जैसी रोमांचक एक्टिविटीज भी उपलब्ध हैं, जो उनके ट्रिप को और भी मजेदार बना देती हैं।

ऊटी

ऊटी दक्षिण भारत का एक बेहद खूबसूरत और बच्चों के लिए आकर्षक हिल स्टेशन है। यहां की ऊटी झील में परिवार के साथ पैडल बोटिंग का मजा लेना एक यादगार अनुभव बन जाता है। बच्चों के लिए सबसे खास आकर्षण यहां की मशहूर होममेड चॉकलेट्स हैं, जिनका स्वाद उन्हें बेहद पसंद आता है।

ऋषिकेश

ऋषिकेश बच्चों के साथ अलग और यादगार अनुभव के लिए शानदार जगह है, अगर बच्चे 10 साल से बड़े हैं, तो आप यहां कैंपिंग प्लान कर सकते हैं। यहां गंगा नदी के किनारे कैंपिंग करना एक अनोखा एडवेंचर होता है। टेंट में रात बिताना, बोनफायर के आसपास बैठकर बातें करना और तारों भरे आसमान को निहारना बच्चों को बेहद उत्साहित करता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article