भगवान शंकर का पावन धाम केदारनाथ मंदिर उत्तराखंड में मौजूद एक विश्व विख्यात और प्राचीन मंदिर है। जहां दर्शन के लिए हजारों लोग रोजाना पहुंचते हैं। इस साल यानी 2025 में केदारनाथ मंदिर के पट 2 मई के दिन लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। ऐसे में यदि आप भी केदारनाथ के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आपको कुछ नियमों को जरूर जान लेना चाहिए। केदारनाथ जानकर रील बनाने वाले लोग अब ऐसा नहीं कर पाएंगे। जी हां रील और वीडियो बनाने के लिए केदारनाथ जाने वाले लोगों पर कड़ा एक्शन लेते हुए केदारनाथ मंदिर प्रशासन ने रोक लगा दी है। आइए जानते हैं क्या है केदारनाथ प्रशासन का ये नया नियम?
मोबाइल फोन और कैमरा पर लगाई रोक
अब तक आपने केदारनाथ दर्शन करने गए लोगों की खूब सारी रील सोशल मीडिया पर वायरल होती हुई देखी होंगी। तो कुछ अपने पालतू जानवरों को साथ में ले जाकर मंदिर के सामने वीडियो बनाते थे। ऐसा करने से उन्हें लाखों लाइक्स और फॉलोवर्स भी मिल जाते थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा करने वालो पर अब सरकार ने पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। मंदिर परिसर के लगभग 30 मीटर के एरिया में मोबाइल फोन और कैमरे के यूज पर पूरी तरह बैन कर दिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल
श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल की मानें तो मंदिर परिसर में कैमरा और फोन को बैन करने के पीछे कारण श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल है। इसके अलावा इस नियम के बनने से मंदिर प्रांगण में भक्ति और पवित्रता का माहौल और भी ज्यादा रहेगा। विजय प्रसाद की मानें तो इस नियम का पालन न करने वाले श्रद्धालुओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
