IRCTC Package: आईआरसीटीसी ने 'PRAYAGRAJ & VARANASI EX CSMT' नाम से बेहद शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज के तहत आपको कम बजट में प्रयागराज और वाराणसी घूमने का मौका मिल रहा है। 5 दिन का ये टूर पैकेज (IRCTC tour package) रहने वाला है। प्रयागराज, जिसे पहले इलाहाबाद कहा जाता था, उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख शहर है। यह अपनी धार्मिक महत्ता के लिए जाना जाता है। यहां गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदी का संगम होता है, जिसे संगम कहा जाता है। यही कारण है कि यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
वहीं दूसरी तरफ वाराणसी, जिसे बनारस या काशी भी कहा जाता है, दुनिया के सबसे पुराने बसे हुए शहरों में से एक है। यह उत्तर प्रदेश में गंगा नदी के किनारे बसा है और हिंदू धर्म के सबसे पवित्र शहरों में गिना जाता है। यहां के घाट, मंदिर और धार्मिक माहौल इसे खास बनाते हैं, जहां दूर-दूर से लोग दर्शन और पूजा के लिए आते हैं।
27 अप्रैल 2026 को रात 12:10 बजे CSMT स्टेशन से ट्रेन नंबर 22177 से यात्रा शुरू होगी। रास्ते में दादर, ठाणे, कल्याण और नासिक रोड से भी यात्री चढ़ सकते हैं। ट्रेन से सफर करते हुए रात 10:35 बजे प्रयागराज छिवकी स्टेशन पहुंचेंगे (ट्रेन के समय अनुसार)। वहां से आपको होटल ले जाया जाएगा। प्रयागराज में रात होटल में ठहराव रहेगा। (खाना अपने खर्चे पर)
सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और त्रिवेणी संगम, अलोपी देवी मंदिर, लेटे हुए हनुमान मंदिर और आनंद भवन म्यूजियम घूमेंगे। इसके बाद वाराणसी के लिए रवाना होंगे। रास्ते में लंच अपने खर्चे पर रहेगा। वाराणसी पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। शाम को बोट राइड का मजा लेंगे और बनारस के खूबसूरत घाटों की लाइटिंग देखेंगे। गंगा आरती का आध्यात्मिक अनुभव करेंगे। रात का खाना और ठहराव होटल में होगा। (नाश्ता और डिनर शामिल)
सुबह नाश्ते के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर, तुलसी मानस मंदिर और सारनाथ घूमेंगे। दोपहर का खाना अपने खर्चे पर रहेगा। शाम को वाराणसी में शॉपिंग के लिए फ्री टाइम मिलेगा। (नाश्ता और डिनर शामिल)। अगले दिन सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और वाराणसी रेलवे स्टेशन छोड़ा जाएगा। वहां से सुबह 10:00 बजे ट्रेन नंबर 22178 से वापसी की यात्रा शुरू होगी। रात ट्रेन में सफर रहेगा। (नाश्ता शामिल, लंच और डिनर अपने खर्चे पर)
शानदार होटल में आपके रुकने की व्यवस्था कर दी गई है। ब्रेकफास्ट और डिनर का खर्चा पैकेज में ही शामिल है। स्लीपर क्लास में सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 23099 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया क्रमश: 15599 और 13099 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 12599 है। इस पैकेज का कोड WMR164 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज के लिए बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इस नंबर- 8287931886 पर संपर्क कर सकते हैं।
