IRCTC Dubai Package: पिछले कुछ सालों से भारतीय घूमने के लिए विदेशों में काफी ज्यादा संख्या में जाने लगे हैं। घूमने के लिए वह दुबई (Dubai) और अबू धाबी (Abu Dhabi) भी जाते हैं। अगर आप भी मार्च महीने में दुबई और अबू धाबी घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो ये खबर आपके बड़े काम की हो सकती है। दरअसल आईआरसीटीसी (IRCTC) ने दुबई और अबू धाबी को लेकर एक एयर टूर पैकेज (IRCTC Air Tour Package) निकाला है, जिसमें आप घूमने जा सकते हैं।
IRCTC Dubai Package: आईआरसीटीसी के पैकेज से मार्च में माता-पिता संग घूमें दुबई और अबू धाबी।
आईआरसीटीसी के इस एयर टूर पैकेज का नाम DAZZLING DUBAI & ABU DHABI EX CHENNAI (SMO37) है। ये एयर टूर पैकेज 4 रात और 5 दिन का है। ये एयर टूर पैकेज अगले महीने की 15 तारीख, यानी 15 मार्च को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से शुरू होगा। ट्रैवलिंग मोड फ्लाइट का रहेगा, जिसमें चेन्नई से शारजाह आना-जाना एयर अरेबिया की फ्लाइट से होगा।
आईआरसीटीसी के एयर टूर पैकेज में शामिल है 5 ब्रेकफास्ट, 5 लंच और 5 डिनर
आईआरसीटीसी के इस एयर टूर पैकेज में आप दुबई और अबू धाबी घूम सकेंगे। इस पैकेज में आप 4 दिन होटल में रहेंगे। मील प्लान की बात करें तो इस पैकेज में आपको 5 ब्रेकफास्ट, 5 लंच और 5 डिनर मिलेगा। वीजा चार्जेस और प्रोसेसिंग फीस भी इस पैकेज की प्राइस में शामिल है। इसके अलावा इस पैकेज में आपको एसी गाड़ी से घुमाया जाएगा। साथ ही आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सर्विस भी इस पैकेज में मिलेगी। 59 साल तक के लोगों को ट्रैवल इंश्योरेंस भी मिलेगा।
बात अगर इस एयर टूर पैकेज के प्राइस की करें तो सिंगल बुक करने पर आपको 1,05,500 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं डबल शेयरिंग में 92,500 रुपए और ट्रिपल शेयरिंग में 91,500 रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा 5 साल से 11 साल तक के बच्चे के लिए बेड लेने पर 89,700 रुपए और 2 साल से 11 साल तक के बच्चे के लिए बेड नहीं लेने पर 79,500 रुपए खर्च करने होंगे। अगर आप भी इस एयर टूर पैकेज को बुक करने की सोच रहे हैं तो आप इसे आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर खुद बुक कर सकते हैं।
