India Snowfall Update November 2026: अगर आप भी सर्दियों की पहली बर्फ देखने का इंतजार कर रहे हैं, तो नवंबर का महीना आपके लिए अच्छी खबर लेकर आया है। नवंबर 2026 के मध्य में पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। पहाड़ों की चोटियां सफेद नजर आने लगी हैं और ठंडी हवाओं ने सर्दियों का एहसास बढ़ा दिया है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज घाटी और जोजिला पास जैसे इलाकों में बर्फ की खूबसूरत तस्वीरें सामने आई हैं।
वहीं हिमाचल प्रदेश में रोहतांग पास और मढ़ी के आसपास भी कुछ दिनों पहले ताजा बर्फ गिरी है। ऐसे में अगर आप दिल्ली या दूसरे शहरों से बर्फ देखने का प्लान बना रहे हैं, तो कुछ खास जगहें आपकी यात्रा को यादगार बना सकती हैं। हालांकि, एक बात समझना जरूरी है कि पहाड़ों पर बर्फबारी होने का मतलब यह नहीं कि आसपास के सभी पर्यटन स्थलों पर भी बर्फ मिल जाएगी।
1. गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर
अगर आप बर्फ से ढके पहाड़, सफेद मैदान और सर्दियों का खूबसूरत नजारा देखना चाहते हैं, तो गुलमर्ग अच्छा विकल्प है। नवंबर के मध्य में यहां अफरवात और कोंगडूरी की ऊंचाई पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। गुलमर्ग के ऊपरी हिस्सों में बर्फ देखने की संभावना है।
2. सोनमर्ग, जम्मू-कश्मीर
सोनमर्ग की खूबसूरती बर्फ गिरने के बाद और बढ़ जाती है। 12 और 13 नवंबर को यहां ताजा बर्फबारी हुई थी। आसपास के पहाड़ और ऊंचे इलाके सफेद बर्फ से ढक गए। अगर आप सर्दियों में शांत और खूबसूरत पहाड़ी नजारे देखना चाहते हैं, तो इस जगह को अपनी लिस्ट में रख सकते हैं।
3. गुरेज घाटी, जम्मू-कश्मीर
गुरेज घाटी उन लोगों के लिए खास है, जिन्हें भीड़ से दूर प्राकृतिक खूबसूरती पसंद है। नवंबर में यहां भी ताजा बर्फबारी हुई। घाटी के कई हिस्सों में बर्फ की सफेद चादर देखने को मिली। हालांकि, बर्फबारी के कारण राजदान टॉप का रास्ता बंद होने की खबर भी आई थी। इसलिए यहां जाने से पहले सड़क की स्थिति जरूर जांचें।
4. जोजिला पास और द्रास
जोजिला पास और द्रास में भी नवंबर के मध्य में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई। द्रास, मिनामर्ग और गुमरी के ऊंचे इलाकों में कई इंच बर्फ जमी। यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो सकता है, लेकिन ध्यान रखें कि बर्फ के कारण श्रीनगर-लेह हाईवे पर यातायात बंद किया गया था। यह जगह फिलहाल केवल खूबसूरत तस्वीरों के लिए नहीं, बल्कि सावधानी बरतने के लिहाज से भी चर्चा में है।
5. रोहतांग पास और मढ़ी, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में बर्फ देखने की इच्छा रखने वालों के लिए रोहतांग पास और मढ़ी का नाम खास है। 13 और 14 नवंबर के आसपास इन ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। हालांकि, रोहतांग की तरफ जाने वाले रास्तों पर प्रतिबंध और मौसम संबंधी पाबंदियां हो सकती हैं। कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों को गुलाबा से आगे रोहतांग की ओर अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी थी।
इसी के साथ साथ मनाली, सोलांग वैली, नारकंडा, किन्नौर, धर्मशाला और मैक्लोडगंज में भी बर्फबारी होने की उम्मीद है। हालांकी इन जगहों पर ताजा मौसम की जानकारी लेने के बाद ही जाएं।
