दिसंबर में कब शुरू होगा नागालैंड का मशहूर Hornbill Festival? नोट करें तारीख, जानें कैसे पहुंचें और क्या होगा खास

Hornbill Festival 2026: दिसंबर में नागालैंड की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच रंगों, संगीत और परंपराओं का खास संगम देखने को मिलेगा। हॉर्नबिल फेस्टिवल 2026 की तारीख, वेन्यू, यात्रा के रास्ते और जरूरी परमिट से जुड़ी जानकारी यहां जानें।

Hornbill Festival 2026: अगर आप दिसंबर में कहीं घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं और कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो भारत की संस्कृति, परंपरा और खूबसूरती के करीब ले जाए, तो नागालैंड का मशहूर हॉर्नबिल फेस्टिवल आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होना चाहिए। हर साल दिसंबर में आयोजित होने वाला यह उत्सव नॉर्थ ईस्ट भारत की सांस्कृतिक पहचान को बेहद खूबसूरत तरीके से सामने लाता है। यहां आपको अलग-अलग नागा जनजातियों की परंपराएं, पारंपरिक पहनावे, लोकनृत्य, संगीत, स्थानीय खानपान और हस्तशिल्प देखने को मिलते हैं।

Hornbill Festival Nagaland (Photo Credit - rollinghopes_natures_calling_trek_)

खास बात यह है कि यह सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागालैंड की खूबसूरती और वहां के लोगों को करीब से समझने का मौका भी है। अगर आप पहली बार यहां जाने की सोच रहे हैं, तो इस तरह से प्लानिंग करना अच्छा हो सकता है।। नोट करें इस बार हॉर्नबिल फेस्टिवल कब से शुरू होगा और वहां पहुंचने का सबसे आसान तरीका क्या है।

कब से शुरू होगा हॉर्नबिल फेस्टिवल 2026?

इस साल हॉर्नबिल फेस्टिवल 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। यह इसका 27वां संस्करण होगा। इस उत्सव की शुरुआत नागालैंड के स्टेटहुड डे यानी राज्य स्थापना दिवस के मौके पर होती है। इस पूरे फेस्टिवल का आयोजन राज्य सरकार की ओर से किया जाता है।

कहां होता है हॉर्नबिल फेस्टिवल?

इसका मुख्य आयोजन नागालैंड की राजधानी कोहिमा से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित किसामा के नागा हेरिटेज विलेज में होता है। यहां अलग-अलग नागा जनजातियों के पारंपरिक घर यानी मोरुंग बनाए गए हैं। हर मोरुंग की अपनी अलग पहचान और सजावट होती है।

यहां आने वाले पर्यटक पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, नागा खानपान, हस्तशिल्प और कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा पारंपरिक खेल, संगीत कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का हिस्सा होती हैं।

कैसे पहुंचें हॉर्नबिल फेस्टिवल?

अगर आप दिल्ली, बेंगलुरु या देश के किसी दूसरे शहर से यहां जाने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले दीमापुर पहुंचना होगा। यहां एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन दोनों मौजूद हैं।

हवाई रास्ता: दीमापुर एयरपोर्ट नागालैंड का प्रमुख एयरपोर्ट है। यहां पहुंचने के बाद टैक्सी लेकर कोहिमा जा सकते हैं। कोहिमा से किसामा तक भी टैक्सी आसानी से मिल जाती है।

ट्रेन से: आप दीमापुर रेलवे स्टेशन तक ट्रेन से पहुंच सकते हैं। स्टेशन से कोहिमा और फिर किसामा के लिए सड़क मार्ग से टैक्सी या बस ले सकते हैं।

सड़क मार्ग: गुवाहाटी और शिलॉन्ग जैसे शहरों से भी सड़क के रास्ते नागालैंड पहुंचने का विकल्प है। हालांकि, त्योहार के दिनों में ट्रैफिक ज्यादा हो सकता है, इसलिए यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

अगर आप नागालैंड के बाहर से इंडियन टूरिस्ट के तौर पर आ रहे हैं, तो आपको इनर लाइन परमिट (ILP) की जरूरत होगी। इसके लिए नागालैंड सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। घरेलू पर्यटकों के लिए इसकी फीस 200 रुपये और वैधता 30 दिन है।

End Article
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइट...

End of Feed