Gir National Park: अप्रैल के महीने को और भी ज्यादा यादगार बनाने के लिए अगर आप करीब से जानवरों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के इच्छुक हैं तो गुजरात के गिर नेशनल पार्क की यात्रा आपके बकेटलिस्ट में शामिल होनी ही चाहिए। वन्यजीव प्रेमियों के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। जंगल की अद्भुत दुनिया को करीब से अनुभव करने के लिए गिर नेशनल पार्क में आपको वो सबकुछ मिल जाएगा जिसकी शायद ही आपने कभी कल्पना की हो। पक्षी से लेकर शेर तक आपको यहां सबके दीदार हो जाएंगे।
1965 में एक वन्यजीव अभयारण्य के रूप में ये स्थापित हुआ था। लगभग 1,412 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला गुजरात का गिर वन्यजीव अभयारण्य आपको शेर को उसके प्राकृतिक आवास में करीब से देखने का मौका देता है। गिर नेशनल पार्क का प्रमुख आकर्षण एशियाई शेर ही है।
मालूम हो कि इस पार्क में शेरों का लंबे समय से संरक्षण किया जा रहा है। जंगल की अद्भुत दुनिया का अनुभव सफारी से करना अपने आप में अलग और अनूठा अनुभव होगा। इसके अलावा यहां पर आप पक्षियों की 300 से अधिक प्रजातियों को करीब से देख सकते हैं।
किंगफिशर, पलास हरन, बत्तख को आप करीब से देख सकते हैं। सड़क मार्ग से ये नेशनल पार्क अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। राजकोट और भावनगर इसके निकटतम एयरपोर्ट है। वहीं सोमनाथ, राजकोट, और वेरावल इसके नजदीकी रेलवे स्टेशन है।
