यात्रा

Gangotri National Park: एडवेंचर का अब नहीं करना होगा इंतजार, घूम आइए उत्तरकाशी की गोद में बसा ये शानदार नेशनल पार्क

Gangotri National Park (गंगोत्री नेशनल पार्क): उत्तराखण्ड राज्य के उत्तरकाशी जिले में मौजूद गंगोत्री नेशनल पार्क एक खूबसूरत राष्ट्रीय उद्यान है, जो साहसी और रोमांचित लोगों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। ठंड की वजह से ये पार्क बंद था, लेकिन 1 अप्रैल को ये पुनः खुल गया है। ऐसे में आज हम आपको इस अद्भुत नेशनल पार्क की कुछ दिलचस्प टूरिस्ट प्लेसेस के बारे में बताएंगे।

Image

Gangotri National Park Tourist Places

Gangotri National Park (गंगोत्री नेशनल पार्क): गंगोत्री नेशनल पार्क, जो साहस और रोमांच के लिए देश-विदेश के यात्रियों को आकर्षित करता है, 1 अप्रैल 2025 एक बार फिर खुल चुका है। ये उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी में मौजूद है और लगभग 2,390 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है, जो इसे देश का तीसरा सबसे बड़ा नेशनल पार्क बनाता है। इसके उत्तर-पूर्व में भारत-चीन की अंतरराष्ट्रीय सीमा, पश्चिम में गोविंद नेशनल पार्क और दक्षिण में केदारनाथ वन्यजीव अभ्यारण्य स्थित है। इस पार्क की विशेषता इसकी विविध भौगोलिक संरचना है जहां एक ओर बर्फ से ढकी हुई हिमालय की ऊंची चोटियां हैं और वहीं दूसरी ओर गहरी घाटियां, खड़ी चट्टानें और ग्लेशियर भी मौजूद हैं। गंगोत्री नेशनल पार्क हिम तेंदुए का प्राकृतिक आवास माना जाता है। इसके अलावा यहां काले भालू, भूरे भालू, ह‍िरन, भरल, हिमालयन मोनाल जैसे कई अन्य दुर्लभ वन्यजीव पाए जाते हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार, इस पार्क में अब तक स्तनधारियों की 15 प्रजातियों और पक्षियों की 150 प्रजातियों का प्रमाण म‍िलता है। चल‍िए गंगोत्री नेशनल पार्क की फेमस टूरिस्ट प्लेसेस के बारे जानते हैं।

गंगोत्री नेशनल पार्क की टूरिस्ट प्लेसेस (Gangotri National Park Tourist Places)

गरतांग गली

भारत-तिब्बत के पुराने व्यापारिक मार्ग की गवाही देती गरतांग गली का वर्ष 2021 में सीढ़ीनुमा रास्ते के रूप में जीर्णोद्धार कर पुनः उद्घाटन किया गया, ज‍िसके बाद ये पर्यटकों की पसंदीदा जगह बन गया है। यहां सबसे अधिक लोग स्काई वॉक के ल‍िए और इस ऐतिहासिक गली की भव्यता को देखने के लिए आते हैं।

नेलांग घाटी

चीन सीमा से सटी ये घाटी भौगोलिक रूप से लद्दाख और स्पीति जैसी लगती है। ट्रांस-हिमालय क्षेत्र में स्थित इस घाटी में ऊंचे-ऊंचे पहाड़ तो हैं लेकिन हरियाली कम है। इसी कारण इसे उत्तराखंड का लद्दाख या छोटा लद्दाख भी कहा जाता है। आजकल ये घाटी एडवेंचर लवर्स के लिए एक खास जगह बन चुकी है।

Gangotri National Park Tourist Places

Gangotri National Park Tourist Places

केदारताल

गंगोत्री से केदारताल तक जाने वाला ये ट्रेक काफी चुनौतीपूर्ण है लेकिन बेहद खूबसूरत है। समुद्र तल से लगभग 4,750 मीटर (15,584 फीट) की ऊंचाई पर स्थित ये झील ट्रेकर्स के बीच रोमांच का प्रमुख केंद्र है। गंगोत्री से ट्रेक की शुरुआत कर ट्रेकर भोजखरक और केदारखरक होते हुए केदारताल पहुंचते हैं। ये ट्रेक बर्फीली चोटियों के बीच से गुजरते हुए रोमांचक अनुभव देता है।

Gangotri National Park Tourist Places

Gangotri National Park Tourist Places

कालिंदीखाल ट्रेक

गढ़वाल हिमालय में गंगोत्री से बदरीनाथ तक जाने वाला ये ट्रेक देश के सबसे कठिन ट्रेकिंग मार्गों में से एक है। इसमें ट्रेकर्स को समुद्र तल से लगभग 5,950 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कालिंदी खाल दर्रा पार करना होता है। इस ट्रेक के रास्ते में कई घाटियों, ग्लेशियरों और ऊंची चोटियों का सुंदर दृश्य द‍िखाई पड़ता है।

दो नए ट्रेक्स की होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 मार्च को अपने हर्षिल और मुखवा दौरे के दौरान गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में चीन सीमा पर स्थित दो नए ट्रेक्स, जादूंग से जनकताल और नीलापानी से मुलिंग-ला का शुभारंभ किया। जादूंग से जनकताल का ट्रेक सरल है वहीं नीलापानी से मुलिंग-ला ट्रेक लगभग 25 किलोमीटर लंबा और कठिन है। इन दोनों ट्रेक्स पर ट्रेकिंग की अनुमति मई से अक्टूबर के बीच में मिलने की संभावना है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article