वीकेंड आते ही ज्यादातर लोग ऋषिकेश, जयपुर या मसूरी का प्लान बना लेते हैं। लेकिन इन पॉपुलर जगहों पर भीड़, ट्रैफिक और बढ़ते होटल किराए की वजह से छोटी-सी ट्रिप भी महंगी पड़ जाती है। अगर आपका बजट सिर्फ ₹3,000 है और आप ऐसी जगह घूमना चाहते हैं जहां इतिहास, शांति और खूबसूरती तीनों का मेल हो, तो राजस्थान का डीग आपकी अगली मंजिल बन सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - भारत की वो सड़क जहां बादल आपके साथ चलते हैं, सफर नहीं लगता किसी फिल्मी सीन से कम
दिल्ली से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित डीग कभी भरतपुर रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करता था यानि गर्मियों में राजा महाराजा यहां आकर वक्त बिताना पसंद करते थे। आज भी यहां के भव्य महल, सैकड़ों ऐतिहासिक फव्वारे और शांत वातावरण इसे एक छिपा हुआ ट्रैवल जेम बनाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि यहां आपको टूरिस्ट्स की भीड़ नहीं मिलेगी, जिससे आप आराम से हर जगह का आनंद ले सकते हैं।
कैसे पहुंचें?
दिल्ली से नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से मथुरा जंक्शन तक कई ट्रेनें मिल जाती हैं। सेकंड सीटिंग या स्लीपर टिकट आमतौर पर ₹100 से ₹150 के बीच मिल जाता है। मथुरा स्टेशन से डीग के लिए रोडवेज बसें और शेयरिंग ऑटो या टेम्पो आसानी से उपलब्ध हैं। करीब डेढ़ घंटे का यह सफर ₹60 से ₹80 में पूरा हो जाता है। या फिर अगर आप कार के माध्यम से जाते हैं, तो बता दें कि, नोएडा से दीग का रास्ता 151 किलोमीटर है। आप ड्राइव करके आसानी से 3 घंटों में दीग पहुंच जाएंगे।
कहां ठहरें?
डीग एक छोटा और शांत कस्बा है। यहां आपको कई बजट गेस्ट हाउस, धर्मशालाएं और होमस्टे मिल जाएंगे। एक कमरे का किराया लगभग ₹600 से ₹900 तक रहता है। अगर दो लोग साथ ट्रेवल कर रहे हैं, तो रहने का खर्च और भी कम हो जाता है।
क्या देखें?
इस यात्रा की सबसे बड़ी खासियत है डीग पैलेस। यहां गोपाल भवन, सूरज भवन और केशव भवन जैसी शानदार इमारतें मुगल और राजपूत शैली की खूबसूरत झलक दिखाती हैं। परिसर में बने सैकड़ों ऐतिहासिक फव्वारे आज भी अपनी पारंपरिक जल प्रणाली के लिए जाने जाते हैं। महल का प्रवेश शुल्क भी काफी किफायती है।
इसके अलावा डीग किला भी देखने लायक है। मिट्टी और पत्थर से बना यह विशाल किला कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहा है। यहां रखी प्रसिद्ध लाखा तोप पर्यटकों का खास आकर्षण है।
₹3,000 में कैसे पूरी होगी ट्रिप?
अगर आप ट्रेन, रोडवेज बस और शेयरिंग ऑटो का इस्तेमाल करें, बजट गेस्ट हाउस में ठहरें और लोकल ब्रज व्यंजनों का स्वाद लें, तो पूरी वीकेंड ट्रिप लगभग ₹3,000 में आराम से पूरी हो सकती है। इस बजट में यात्रा, ठहरना, खाना और घूमने का खर्च आसानी से शामिल हो जाता है।
अगर इस बार भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों की बजाय किसी शांत, ऐतिहासिक और बजट-फ्रेंडली जगह की तलाश है, तो डीग आपकी उम्मीदों पर जरूर खरा उतर सकता है। यहां का सुकून, शानदार वास्तुकला और ऐतिहासिक विरासत आपकी वीकेंड ट्रिप को यादगार बना देंगे।
